नवागत जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जनपद का ग्रहण किया पदभार
** जनपद में सुशासन एवं पारदर्शिता के साथ किया जाएगा कार्य:- जिलाधिकारी
** जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को किया प्रेषित,तत्काल गुणवत्तापरक निस्तारण करने के दिए निर्देश
** शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाना प्रथम प्राथमिकता
** जनपद में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों को गति के साथ पूर्ण कराया जाना प्राथमिकता रहेगी
** शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंचाना प्रथम प्राथमिकता
नवागत जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने आज कलेक्ट्रेट स्थित जिला कोषागार पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। 2014 बैच के आई0ए0एस0 अधिकारी नवागत जिलाधिकारी इससे पूर्व जनपद उन्नाव में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुके है। जिला कोषागार में कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त उन्होंने जरूरी अभिलेखों पर हस्ताक्षर किया।
नवागत जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में सुशासन एवं पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचे। उन्होंने आज प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए समस्त शिकायतों का गुणवत्तापरख निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि वह जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, विकास कार्यों की गति तेज करने तथा शिकायतों के प्रभावी समाधान पर फोकस करेंगे। उन्होंने जनपद के समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में जनसामान्य द्वारा की जा रही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओ में से एक होगा। जनपद में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को गति के साथ पूर्ण कराया जाना और जनपद के सभी लोगों के समन्वय से शासन की नीतियों का धरातल पर क्रियान्वित करने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वरुण कुमार पांडेय,अपर जिलाधिकारी न्याय श्री अरुण कुमार गौड़,अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री योगेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट श्री प्रमोद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री अनिल कुमार मिश्रा सहित सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
_________________________
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

