जिलाधिकारी ने डिजिटल जनगणना-2027 के तहत की ‘स्व-गणना’, नागरिकों से की महा-अभियान में भागीदारी की अपील
** जनपद में स्व-गणना में अधिकतम जनभागीदारी हो सुनिश्चित:- जिलाधिकारी
** स्व-गणना हेतु प्रेरित किये जाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शिविर एवं विशेष कार्यक्रम किए जाएं संचालित:- जिलाधिकारी
झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने गुरुवार को जनपद में डिजिटल जनगणना-2027 (डिजिटल जनगणना) की प्रक्रिया के तहत ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ (स्व-गणना) की। उन्होंने आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सफलतापूर्वक फॉर्म को सबमिट किया।
इस अवसर पर उन्होंने जनपदवासियों से इस महा अभियान से जुड़ने का आह्वान भी किया उन्होंने कहा कि डिजिटल जन गणना की आधुनिक और सुगम प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेकर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने डिजिटल प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि यह बेहद सरल और समय बचाने वाली प्रणाली है। पोर्टल के माध्यम से मात्र दो मिनट के भीतर 32 प्रश्नों के उत्तर देकर जनगणना की औपचारिकताएं पूरी की जा सकती हैं। 07 मई से 21 मई तक चलने वाले इस विशेष अभियान में नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि समाज के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाए जाएं।इनके माध्यम से आमजन को प्रेरित कर स्वगना में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा, “डिजिटल सेंसस केवल डेटा का संकलन नहीं, बल्कि नागरिकों के डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए केंद्र से लेकर पंचायत स्तर तक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। मास्टर एवं फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जिला और तहसील स्तर पर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है। डिजिटल माध्यम से डेटा प्राप्त होने पर भविष्य में फील्ड एन्यूमरेशन (क्षेत्रीय गणना) की निर्भरता कम होगी और प्राप्त आंकड़े अधिक सटीक व पारदर्शी होंगे।
जिलाधिकारी ने अभियान के प्रथम चरण में जिला स्तर पर ‘स्व-गणना’ का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए निर्देशित करते हुए विश्वास जताया कि तकनीक के बढ़ते उपयोग और जन-भागीदारी से यह डिजिटल जनगणना एक ऐतिहासिक उपलब्धि बनेगी।
इस अवसर पर तहसीलदार विवेक कुमार, सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

