निकायों में निस्तारित शिकायतों का फीडबैक असंतोषजनक होने पर डीएम ने की नाराजगी व्यक्त
** जल निगम नगरीय लक्ष्य के सापेक्ष फीडबैक असंतोषजनक होने पर अधिशासी अभियंता जल निगम नगरीय को लिया आड़े हाथ
** विभागाध्यक्ष स्वयं शिकायतकर्ता से वार्ता कर शिकायत का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, ताकि फीडबैक संतोषजनक प्राप्त हो
** विभागीय अधिकारी निस्तारण का फीडबैक असंतोषजनक प्राप्त होने पर स्थलीय निरीक्षण करना सुनिश्चित करें
** शासन की मंशा अनुसार जन सामान्य की शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकताओं के अनुसार किया जाए, शिथिलता एवं लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी
** प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारी गुणवत्ता के साथ समयानुसार निस्तारण करना सुनिश्चित करें,
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने आई0जी0आर0एस0 एवं ऑनलाइन शिकायतें, हेल्पलाइन- 1076 माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के संबंध में ज़ूम ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के फीडबैक संबंधित समीक्षा बैठक की।
ज़ूम मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा की माननीय मुख्यमंत्री जी एवं अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा समय-समय पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों के निस्तारण एवं गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा शासन स्तर पर लगातार की जा रही है, जिसमें शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के अनुपालन में सभी विभागाध्यक्ष असंतुष्ट शिकायतों व अन्य रिपीटेड शिकायतकर्ताओं से स्वयं के द्वारा स्थलीय सत्यापन व टेलिफोनिक संवाद कर संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे फीडबैक संतोषजनक प्राप्त हो।
उन्होंने निर्देश दिये कि जन सामान्य की समस्याओं का गुणवत्तापरक निस्तारण करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का बिन्दु है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि असंतोषजनक शिकायतों की विभागीय अधिकारी स्वयं समीक्षा करें और प्राप्त फीडबैक वाली असंतोषजनक शिकायतों का भलीभांति प्रकार से परीक्षण करते हुए गुणवत्तापरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए समस्त नगर निकायों, जल निगम नगरीय एवं ग्रामीण द्वारा निस्तारित शिकायतों का फीडबैक असंतोषजनक प्राप्त होने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए सुधार लाए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर विभागों में प्राप्त शिकायतों में शिकायतकर्ताओं से संपर्क करते हुए फीडबैक अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने ताकीद करते हुए कहा कि यदि भविष्य में शिकायतों के फीडबैक में सुधार नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा करते हुए ईडीएम श्री आकाश रंजन को निर्देशित किया कि जल्द ही समस्त विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के फीडबैक को पोर्टल पर कैसे देखा जा सकता है। उसकी बिंदु बार जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि सभी अधिकारी पोर्टल पर अपनी विभागीय शिकायतों के फीडबैक का संज्ञान लेते हुए शिकायतों के फीडबैक को संतोषजनक प्राप्त कर सके।
ज़ूम मीटिंग का संचालन अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री योगेश कुमार ने करते हुए जिलाधिकारी को दिनांक 01 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के फीडबैक की जानकारी दी। उन्होंने जूम मीटिंग से जुड़े 62 विभिन्न विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि संतोषजनक फीडबैक को संवेदनशील होकर अपलोड करना सुनिश्चित करें ताकि जनपद की रैंकिंग में सुधार लाया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, अपर नगर आयुक्त श्री राहुल यादव, जिला पूर्ति अधिकारी सुश्री सौम्या अग्रवाल, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण/ नगरीय, जिला दिव्यांग एवं सशक्तिकरण अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी सहित समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका/नगर पंचायत, और विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।
_________________________
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

