• Tue. Sep 8th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर ₹12 हजार और सहायिकाओं का ₹6 हजार हुआ*

ByBKT News24

Sep 8, 2026

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर ₹12 हजार और सहायिकाओं का ₹6 हजार हुआ*

*आयुष्मान कार्ड से आच्छादित होंगी आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं*

*नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को सांसद ने वितरित किए नियुक्ति पत्र*
—————–
झांसी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं एवं विभागीय लाभार्थियों का सम्मान समारोह तथा नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आज दीनदयाल सभागार, झांसी में माननीय सांसद झांसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र श्री अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनाड ने माननीय सांसद का बुके भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सांसद द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अयोध्या में मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम का भी सजीव प्रसारण देखा गया।
अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8,000 से बढ़ाकर ₹12,000 तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय ₹4,000 से बढ़ाकर ₹6,000 किए जाने की घोषणा की। साथ ही सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित किए जाने की घोषणा की गई। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को तीन-तीन साड़ियों के क्रय हेतु धनराशि का अंतरण डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में किया गया।
माननीय सांसद श्री अनुराग शर्मा ने मानदेय में वृद्धि एवं आयुष्मान कार्ड की सुविधा मिलने पर जनपद की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को बधाई दी। उन्होंने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में रेसिपी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट रेसिपी तैयार करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा सैम/मैम श्रेणी के बच्चों के सामान्य श्रेणी में सुधार होने पर उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।
माननीय सांसद ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा छोटे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं विकास के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही उनके द्वारा झांसी में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देश-विदेश के जाने-माने चिकित्सकों को आमंत्रित कर बच्चों तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे स्वस्थ एवं पोषित होंगे तो राष्ट्र भी उन्नति की ओर अग्रसर होगा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनाड, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुरेन्द्र पटेल, जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री शिवराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश सिंह राजपूत, बाल विकास परियोजना अधिकारी बंगरा श्रीमती स्नेह गुप्ता, श्रीमती पूर्णिमा श्रीवास्तव, श्री चन्द्र प्रकाश साहू, प्रधान सहायक, श्री शशिकांत कन्नौजिया, श्रीमती वंदना कुशवाह सहित बाल विकास परियोजना बड़ागांव, बबीना एवं शहर झांसी की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं एवं मुख्य सेविकाएं उपस्थित रहीं। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दिनेश सिंह राजपूत ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षाविद डॉ0 नीती शास्त्री ने किया।
—————————-
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।