सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएगा सेवा संकल्प अभियान : इंदर सिंह परमार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा का एक माह का सेवा संकल्प अभियान
पन्ना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान की जानकारी देने के लिए रविवार को जिला भाजपा कार्यालय पन्ना में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पन्ना प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया है। आगामी 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों के माध्यम से एक माह तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रतिवर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाता है, लेकिन इस वर्ष उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने का अवसर विशेष है। इसी कारण इस बार एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इंदर सिंह परमार ने कहा कि आज के दौर में किसी सरकार का पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होना भी उपलब्धि माना जाता है, जबकि भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण लोकतंत्र में 25 वर्षों तक लगातार जनता का विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त कर सेवा करना असाधारण उपलब्धि है। यह भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आया बदलाव
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, निःशुल्क राशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा कोविड टीकाकरण जैसे कार्यों को जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ये केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि इन योजनाओं का सीधा प्रभाव आम नागरिकों के जीवन पर पड़ा है। गरीबों को आवास, शौचालय, खाद्यान्न और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने से उनके जीवन स्तर में सुधार आया है।
निराशा के दौर से विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा भारत
पत्रकार वार्ता में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक एवं वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति की है। एक समय भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर निराशा का वातावरण था, लेकिन आज भारत विश्व की प्रमुख और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
वक्ताओं ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान, साख और सम्मान में वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से मिले सम्मान को भारत के 140 करोड़ नागरिकों के सामर्थ्य और पुरुषार्थ का सम्मान बताया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है। आतंकवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और नक्सलवाद के प्रभाव को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
17 सितंबर को बूथ स्तर तक पहुंचेगा ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीपक’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से बूथ स्तर तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनआशीर्वाद और सेवा संकल्प की भावना को पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रत्येक परिवार द्वारा दीप प्रज्वलित कर सेवा और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ से गांव-गांव पहुंचेगा सेवा का संदेश
अभियान के अंतर्गत ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश और आमजन के जीवन में आए बदलावों को 15 से 20 मिनट के भावनात्मक एवं संगीतपूर्ण नाट्य और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों का आयोजन स्कूल, कॉलेज, पंचायत, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा। 2 अक्टूबर को प्रमुख स्थानों पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
जनभागीदारी बढ़ाने के लिए होंगे विभिन्न कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा द्वारा प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग टोली एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
पत्रकार वार्ता में पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष सदानंद गौतम, जिला उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह बुंदेला, जिला मंत्री शैलेंद्र राजपूत, जिला सह-कोषाध्यक्ष राकेश चौबे, मंडल अध्यक्ष कैलाश गुप्ता एवं जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी दुर्गेश शिवहरे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष कैलाश गुप्ता ने किया।

