• Mon. Nov 16th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जीएम जिला सहकारी बैंक को केसीसी में शिथिलता बरतने पर लगाई फटकार,स्थिति को बताया असंतोषजनक

ByBKT News24

Sep 24, 2026

जीएम जिला सहकारी बैंक को केसीसी में शिथिलता बरतने पर लगाई फटकार,स्थिति को बताया असंतोषजनक

** 01 जुलाई 2026 से अब तक कृषि और एमएसएमई में लगभग 300 करोड़ से अधिक का हुआ ऋण वितरण

** डीएम का फोकस कम सीडी रेशियो वाले बैंकों पर, सुधार लाए जाने के दिए निर्देश

** अब बैंकों को विभिन्न शासकीय योजनांन्तर्गत आवेदन निरस्त करने की देनी होगी जानकारी:- डी0एम0

** एसबीआई, यूनियन बैंक इंडियन बैंक का सीडी रेशियो कम होने पर जिलाधिकारी ने की नाराजगी व्यक्त, बढ़ाए जाने के दिए निर्देश

** मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) योजना में प्राइवेट बैंकों करें कैम्प आयोजित:- जिलाधिकारी

** बैंकर्स Priority Sector ( प्राथमिकता वाले क्षेत्र) पर अधिक फोकस करें:- जिलाधिकारी

** स्वयं सहायता समूह के कैश क्रेडिट लिंकेज में बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 190 के सापेक्ष मात्र 18 डिसबर्ड 172 लम्बित रहने पर की नाज़गी व्यक्त

** बैंकर्स शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें, जनपद के विकास में दें सहयोग:-डीएम

झांसी। विकास भवन सभागार में बैंकों की जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि बैंकर्स प्रदेश सहित जनपद के विकास में शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने सरकार द्वारा आमजन के लिए संचालित लाभहित योजनाओं में बरती जा रही शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त की और योजनाओं में बैंकों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए फटकार लगाई, उन्होंने बैंक अधिकारियों को किसानों/आमजन व लाभार्थियों के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने की नसीहत दी।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने बैठक के प्रारंभ में मेगा क्रेडिट कैम्प मैं लगभग एक दर्जन विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सांकेतिक रूप से चेक वितरित किया, जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि 01 जुलाई 2026 से अब तक कृषि एवं एमएसएमई में लगभग 300 करोड़ से अधिक का ऋण वितरण किया जा चुका है। इस अवसर पर उन्होंने बैंकर्स द्वारा शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं के आवेदनों को अनावश्यक रूप से निरस्त करने पर आपत्ति व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि बैंक आवेदन पत्रों को निरस्त किए जाने में सावधानी बरतें,यदि अनावश्यक रूप से आवेदन पत्र को निरस्त किया जाता है तो शासन को कार्यवाही हेतु संस्तुति की जाएगी।
समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कम सीडी रेशियो वाली बैंक जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक सहित को फटकार लगाते हुए अपने सीडी रेशियो में सुधार लाए जाने के निर्देश दिए, उन्होंने माइक्रोप्लान तैयार कर उसे क्रियान्वित करने का सुझाव देते हुए निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में प्रतिभाग कर रहे प्राइवेट बैंकों को अपना सीडी रेशियो बढ़ाए जाने के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्र सहित केंद्र राज्य की विभिन्न लाभकारी योजनाओं पर फोकस करने का सुझाव दिया और कैम्प आयोजित कर ऋण वितरण में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न बैंकों को सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों के आवेदनों को अनावश्यक लंबित रखते हुए ऋण न देने पर नाराजगी व्यक्त की और लोन वाली स्कीम में रुचि लेने के निर्देश दिए।
डीएलआरसी बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा करते हुए बैंकर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि केसीसी जारी करने में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।अन्यथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जीएम जिला सहकारी बैंक श्री अखिलेश कुमार को मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड बनाने में लापरवाही बरतने पर फटकार लगाते हुए अपनी कार्यशैली में सुधार लाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने बैठक में उपस्थित सभी बैंकों के डीसी से कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान वित्त पोषण हेतु सहायता योजना में एचडीएफसी बैंक द्वारा 48 आवेदनों की सापेक्ष मात्र 03 को लाभ वितरित किया इसके अतिरिक्त आईसीआईसीआई द्वारा शून्य प्रगति पर उन्होंने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए बैंकों को योजना अंतर्गत ऋण आवेदनों की स्वीकृति प्रदान कर वितरण भी सुनिश्चित करना होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बुंदेलखंड में रोजगार के अधिक अवसर है, इस स्थिति में युवाओं को स्वावलंबी बनाने व स्वरोजगार लगाने में सभी बैंक अधिकारी सहयोग करते हुए उन्हें ऋण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य है, उसकी तरक्की देश की तरक्की है। उन्होंने बैठक के दौरान बैंकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रगति से असंतुष्ट होने पर खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों को समय से सुधार लाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में ओडीओपी योजना अंतर्गत बैंकों में भेजे गए आवेदनों की समीक्षा करते हुए लंबित आवेदनों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार के अंतर्गत बैंकवार समीक्षा करते हुए बैंकों में प्रेषित आवेदनों को तत्काल स्वीकृत करते हुए वितरण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर एलडीओ आरबीआई श्री विशाल यादव, डीसी एनआरएलएम श्री सुनील कुमार सिंह, उप आयुक्त उद्योग श्री मनीष चौधरी,अग्रणी बैंक प्रबंधक पीएनबी श्री योगेश ठाकुर, डीडीएम नाबार्ड श्री गौरव राघव, श्री भानु प्रताप यादव , सहित सांसद प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी व बैंकों से आए बैंक अधिकारी/प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।