सड़क सुरक्षा पखवाड़े का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ*
*हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन एवं बाइक रैली को किया रवाना, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता का दिया संदेश*
——————
झाँसी। मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में 16 नवम्बर से 30 नवम्बर, 2026 तक आयोजित होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ आज जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन एवं बाइक रैली को रवाना किया। प्रचार वाहन एवं बाइक रैली जिलाधिकारी कार्यालय से प्रारंभ होकर जेल चौराहा, इलाइट चौराहा होते हुए किले की तलहटी से पुनः वापस इलाइट चौराहा, जेल चौराहा, कचहरी चौराहा एवं बस स्टैंड होते हुए संभागीय परिवहन कार्यालय, झाँसी पहुंचकर संपन्न हुई।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित दिवसवार कार्यक्रमों के अंतर्गत हेलमेट एवं सीटबेल्ट के प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, ओवरस्पीडिंग, स्टंट ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन संचालन, ओवरलोडिंग एवं नशे की हालत में वाहन चलाने के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त स्कूली वाहनों की फिटनेस एवं क्षमता की जांच, बिना लाइसेंस तथा नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर कार्रवाई, एचएसआरपी एवं रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की जांच, प्रदूषण नियंत्रण तथा ई-रिक्शा एवं अन्य व्यावसायिक वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), क्षेत्राधिकारी यातायात, संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरविन्द कुमार त्रिवेदी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम श्री हेमचन्द्र सिंह गौतम, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप महाप्रबंधक एनएचएआई सहित नागरिक सुरक्षा कोर के ट्रैफिक वार्डन, झाँसी मार्ग यूनियन के पदाधिकारी, वाहन डीलर्स एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की गई।
—————-
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।

