• Thu. Nov 26th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

28 एवं 29 नवंबर को अभियान दिवसों में भी मिलेगा मतदाता सूची में नाम जांचने एवं जुड़वाने का अवसर:- उप जिला निर्वाचन अधिकारी*

ByBKT News24

Nov 26, 2026

28 एवं 29 नवंबर को अभियान दिवसों में भी मिलेगा मतदाता सूची में नाम जांचने एवं जुड़वाने का अवसर:- उप जिला निर्वाचन अधिकारी*

*जनपद के 1741 बूथों पर आगामी विशेष अभियान दिवसों में भी बीएलओ रहेंगे उपस्थित*

*21 एवं 22 नवंबर के अभियान में शामिल न हो पाने वाले नागरिक, अगले विशेष अभियान दिवसों में कर सकते हैं प्रतिभाग:- उप जिला निर्वाचन अधिकारी*

*मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों के नाम की ऑनलाइन भी की जा सकती जांच, नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर कराएं पंजीकरण*

उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण -2027 के अंतर्गत 28-29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आलेख्य मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में फार्मों (6, 7 एवं 8) के साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपस्थित रहे। नागरिकों को अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने तथा नाम न होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया गया।
उप जिलानिर्वाचन अधिकारी श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि यदि कोई नागरिक 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित विशेष अभियान दिवस में किसी कारणवश अपने मतदेय स्थल पर नहीं पहुंच सके हैं, तो भी परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। आगामी 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिवसों पर नागरिक अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना एवं परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं और नाम नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना मतदान के लिए आवश्यक है, इसलिए सभी पात्र नागरिक को समय रहते अपना पंजीकरण सुनिश्चित कराना चाहिए।
जनपद के 1741 बूथों पर आयोजित विशेष अभियान दिवस के दौरान मैं उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने सुझाव देते हुए कहा कि बूथों के निरीक्षण के दौरान अधिकारी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण, बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की पहचान की जानकारी अवश्य कर लें। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने न पाए और सभी लंबित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उप जिलानिर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि वे आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवसों को सफल बनाने की मुहिम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। मतदाता सूची में नाम की जांच ऑनलाइन भी की जा सकती है। इसके लिए नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता विवरण में संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं। विशेष अभियान दिवसों की प्रतीक्षा किए बिना निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित