होली में जबरदस्ती रंग लगाकर पैदा न करें विवाद: एसडीएम
संवाददाता: आयुष त्रिपाठी
गुरसरांय(झांसी)। होली और रमजान को लेकर उपजिलाधिकारी गरौठा अवनीश कुमार तिवारी के नेतृत्व में 12 मार्च बुधवार को गुरसरांय बाजार में पैदल गश्त किया गया। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय,थानाध्यक्ष गुरसरांय इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पाण्डेय उपस्थित रहे। इस दौरान उपजिलाधिकारी द्वारा हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों से आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त कर अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उपजिलाधिकारी ने रंग और पिचकारी से सजी दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा रंगों का पर्व होली और रमजान शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। नियम का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।