हम सब लें शपथ, लगाएंगे “एक पेड़ माँ के नाम”:- पं0 रवि शर्मा
** पेड़ वर्तमान भी है और पेड़ भविष्य भी :- मुख्य वन संरक्षक
** एक-एक पेड़, एक-एक जीवन हैं, पौधारोपण अवश्य करें-: वन संरक्षक
** नगर वन भगवंतपुरा में पं0 दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर हुआ वृक्षारोपण
आज नगर वन भगवंतपुरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर मुख्य अतिथि पं0 रवि शर्मा विधायक सदर ने “एक पेड़ माँ के नाम” लगाते हुए वन विभाग के विभागीय अधिकारी/कर्मचारी एवं परिवारजनों को पौधरोपण करने को प्रेरित करते हुए आस-पास के लोगों को भी पौधारोपण के प्रति जागरूक करने तथा पौधों का संरक्षण भी करने का दिया सुझाव।
इस अवसर पर विधायक सदर पंडित रवि शर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के आवाह्न पर प्रत्येक देशवासी ने “एक पेड़ मॉ के नाम” लगाने के अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लिया और वन विभाग सहित समस्त विभागों में और आम जनमानस ने मिलकर पौधारोपण कर अभियान को सफल बनाया है।उन्होंने कहा कि पहले वर्षा के समय में घर का सदस्य नीम का पेड़, आम का पेड़ या कोई और पेड़ लगाने का कार्य करते थे तथा वर्ष भर उसकी देखभाल भी करते थे। आज हमें यह कार्य वर्ष भर करने की शपथ लेनी होगी।
मुख्य वन संरक्षक बुंदेलखंड जोन श्री एच0 वी0 गिरीश ने कहा कि अगर पेड़ नहीं होगा तो वर्षा नहीं होगी, वर्षा नहीं होने से हमारे आपके बच्चों के बच्चों को जल के संकट का सामना करना पड़ सकता हैं, इसलिए हम सबका पहला और आखिरी धर्म है कि हम पेड़ लगायें भी और पेड़ बचायें भी। “पेड़ वर्तमान भी है और पेड़ भविष्य भी हैं”, पेड़ से पर्यावरण की रक्षा होती हैं। मा0 प्रधानमंत्री जी की अच्छी सोच है कि एक पेड़ मॉ के नाम लगाने का अभियान प्रारम्भ किया। उन्होंने कहा कि आप जिनकों भी मॉ मानते हो, धरती मॉ, देवी मॉ, गंगा मॉ, यमुना मॉ एवं शीतला मॉ के नाम से पेड़ अवश्य लगाना। एक पेड़ मॉ के नाम एक अभियान है, यह अभियान पूरे देश में चल रहा हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन संरक्षक झांसी वृत्त श्री महावीर कौजालगी ने कहा कि हम यह संकल्प लेकर जायें कि एक पेड़ अवश्य लगायेंगे तथा उसका संरक्षण करेंगे। एक-एक पेड़, एक-एक जीवन हैं, पौधारोपण अवश्य करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने किए गए वृक्षारोपण को संरक्षित करने पर भी जोर दिया।सभी लोग मिलकर अधिक से अधिक पौधारोपण करें एवं पौधों का संरक्षण करें, जिससे प्रदेश में ही नहीं देश में भी नाम हो जाये कि इस जनपद में इतने पौधें लगे और संरक्षण किया गया।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी श्री नीरज कुमार आर्य एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री संतोष कुमार तथा क्षेत्रीय वनाधिकार श्री विमलेश कुमार ने भी वृक्षारोपण करते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौध रोपण करने का आव्हान किया।
इस अवसर पर हेल्पिंग हैंड संस्थान, मानवता के लिए एक कदम एवं वसुंधरा सृजन समिति के सम्मानित पदाधिकारी एवं सदस्यों ने बच्चों के साथ मिलकर बृहत वृक्षारोपण में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आमजनों के साथ विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
—————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित