अधिकारियों को दिए आईजीआरएस एप डाउनलोड करने के निर्देश, निस्तारण पर शीर्षतम स्तर तक तय होगी जिम्मेदारी:- जिलाधिकारी
** प्रत्येक गुरुवार को होगा जनसंवाद, गंभीर शिकायत को मौके का परीक्षण कर होगा तत्काल निस्तारण:- जिलाधिकारी
** जिलाधिकारी के निर्देश पर डीडीओ,पीडी एवं डीपीआरओ ने विभिन्न विभागों की निस्तारित शिकायतों का लिया फीडबैक
** उपस्थिति रजिस्टर का किया अवलोकन, 04 अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
** शिकायत निस्तारण को 01 वर्ष से अधिक डिले करने पर लेखपाल का वेतन बाधित, शो-काॅज नोटिस जारी
** अभियान चलाकर धारा-67 के वादों करें निस्तारण, दबंग पर हो सख्त कार्यवाही
** जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग, शिकायतें सुन निस्तारण के दिए निर्देश।
** आईजीआरएस पोर्टल पर समस्त विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का स्वयं गुणवत्तापरक निस्तारण करना सुनिश्चित करें
** तहसील स्तर पर भूमि संबंधित विवादों के निपटान के लिए धारा 24 एवं धारा 151 की कार्यवाही के अतिरिक्त धारा 447 में भी कार्यवाही करते हुए शिकायतों का निस्तारण करने के दिए निर्देश
** समस्त विभागीय अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को समय सीमा में निस्तारण कर स्वयं मौके का निरीक्षण करें
तहसील सदर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया और शिकायतों को सुन समय से गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा संपूर्ण समाधान दिवस की गंभीरता का बोध होना जरूरी है, उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं आईजीआरएस टाॅप पर शामिल है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण पर शीर्षतम स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी, शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के मौके पर उन्होंने समस्त अधिकारियों को आईजीआरएस एप डाउनलोड करते हुए इसे अपने दिनचर्या में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम आफिस में आकर आईजीआरएस पोर्टल को देखें, प्राप्त आख्या का निरीक्षण करें यदि आख्या गुणवत्ता विहीन है तो स्वयं आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा शिकायत निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर निस्तारण किया जाना अनिवार्य है। शिकायतकर्ता का शिकायत निस्तारण से संतुष्ट होंना ही शिकायत का उचित निस्तारण माना जाएगा। मौके पर डीडीओ, पीडी एवं डीपीआरओ द्वारा
अनेकों विभागों की आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारित शिकायतों का फीडबैक लिया गया और निस्तारण से संतुष्ट और असंतुष्ट की जानकारी ली।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने अपनी अभिनव पहल की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक गुरुवार को जनसंवाद का आयोजन होगा, जिसमें गंभीर शिकायत को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौके का परीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता संबंधित अधिकारी,पुलिस एंव अन्य अधिकारियों के साथ प्रकरण की सुनवाई करते हुए उसका निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर धारा-67 के वादों पर प्रभावी एवं सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी भूमि, सरकारी भूमि/चकरोड पर अवैध कब्जों मुक्त करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समस्त लेखपालों को निर्देश दिए कि गलत ढंग से भूमि पर कब्जा करने वाले अथवा बार-बार पैमाइश की बात पत्थरगड्डी उखाड़कर पुनः कब्जा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद ना निपटने की स्थिति में धारा 145 पर कार्यवाही करें, उन्होंने धारा 24, पुलिस द्वारा धारा 107/16,सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर धारा 151 की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण को और प्रभावी ढंग से करने के लिए धारा 447 में भी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस से पूर्व जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने बस स्टैंड पर जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन द्वारा निशुल्क प्याऊ और शरबत वितरण का शुभारंभ किया। उन्होंने बस स्टैंड का भ्रमण करते हुए भीषण गर्मी में लोगों की परेशानियों को देखा और तत्काल नगर निगम को शेड बनाए जाने के निर्देश दिए, ताकि गर्मी से लोगों को राहत मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर अनुपस्थिति जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, सहायक निबंधक, सहकारिता एवं डीडी कृषि से स्पष्टीकरण दिए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में कहा कि संबंधित अधिकारी बैठक सहित अन्य कार्यक्रमों में उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर श्री वीरेंद्र पुत्र राजाराम निवासी ग्राम सिंगर्रा ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि विपक्षी गण कृपाराम पुत्र मन्नीलाल एवं अमित, राहुल पुत्र कृपाराम निवासी सिंगर्रा से प्रार्थी के चक 09 एकड़ जमीन के गाटों को कब्जा मुक्त कराया जाना न्याय हित में अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विगत 02 वर्ष से लगातार तहसील दिवस में गाटा कब्जा मुक्त कराने के लिए कई पत्र के माध्यम से अवगत करा चुके हैं, लेकिन किसी भी प्रकार की सुनवाई नहीं की जा रही।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने गंभीरता से अवलोकन करते हुए प्रकरण में देखा कि लेखपाल द्वारा एसडीएम के यहां वाद दर्ज में स कारण गिल्ली, एक साल से ज्यादा देर की गई है। उन्होंने इसे गंभीरत से लेते हुए लेखपाल का वेतन रोके जाने के साथ शो-काॅज नोटिस जारी किया और वाद का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, अपर नगर आयुक्त श्री राहुल कुमार यादव, सिटी मजिस्ट्रेट श्री प्रमोद झा, सीओ सदर श्री रामवीर सिंह, एआरटीओ श्री हेमचंद गौतम, एसडीएम सदर श्री गोपेश कुमार तिवारी, तहसीलदार सदर श्री विवेक कुमार सहित समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

