• Sat. May 2nd, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

सीडीओ की अध्यक्षता में तहसील मऊरानीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न*

ByBKT News24

May 2, 2026

सीडीओ की अध्यक्षता में तहसील मऊरानीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न*

*विकासखण्ड कार्यालय मऊरानीपुर, ग्राम पंचायत भण्डरा के पंचायत भवन एवं गौशाला का निरीक्षण किया*

*ग्राम पंचायत रूपाधमना में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प एवं निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण किया*
——————-

आज मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड की अध्यक्षता में तहसील मऊरानीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जन सुनवाई करते हुये जन सामान्य से प्राप्त प्रार्थना पत्रों का समयान्तर्गत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु संबंधित विभाग /अधिकारी को यथावश्यक निर्देश प्रदान किये गये, साथ ही खतौनी में नाम सहीं दर्ज करने सम्बन्धी प्राप्त 03 शिकायतों का तत्काल मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रतिभाग करने के उपरान्त मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड द्वारा विकासखण्ड कार्यालय मऊरानीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी मऊरानीपुर सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में अभिरक्षित अभिलेखों को शासकीय नियमानुसार अभिरक्षित किये जाने, साफ सफाई व्यवस्था सुदृढ रखने एवं जनसामान्य से प्राप्त होने वाले शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने हेतु कड़े निर्देश दिये गये तथा ब्लॉक कार्यालय के बाहर स्थित वॉटरकूलर को अन्दर स्थापित कराने के निर्देश दिये गये, ताकि जनसामान्य को शुद्ध पेयजल मिल सके। इसके अतिरिक्त ब्लॉक कार्यालय में निर्माणाधीन खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय भवन के निर्माण कार्य को 01 माह में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिये गये।
तदोपरान्त विकासखण्ड मऊरानीपुर की ग्राम पंचायत रूपाधमना में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैम्प कर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैम्प में नायब तहसीलदार, संबंधित लेखपाल, ग्राम प्रधान आदि उपस्थित थे। लेखपाल द्वारा अवगत कराया गया कि निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा बताया गया कि ग्राम में डुग्गी पिटवाकर ग्रामवासियों को कैम्प में बुलाकर उनकी फार्मर आई.डी. बनवायी जाती हैं। लेखपाल द्वारा अवगत कराया कि आज निरीक्षण के समय तक 07 कृषकों की फार्मर आई.डी. बनायी गयी है।
ग्राम पंचायत रूपाधमना में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अमृत सरोवर में पानी पीने हेतु पशुओं के आनेजाने के लिये रैम्प बनवाया जाये, ताकि पशुओं को सुविधाजनक रहे।
इसके उपरान्त ग्राम पंचायत भण्डरा के पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि ग्रामीण जनसामान्य की माँग के अनुरूप उन्हें प्रपत्र यथासमय उपलब्ध कराये जायें।
मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने ग्राम पंचायत भण्डरा में स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में संरक्षित गौवंशों को गर्मी से बचाव एवं चारा व पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये, साथ ही गौवंशों को पानी पीने हेतु जो चरहीं के ऊपर शैड बनाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त गौशाला में लाईन की समुचित व्यवस्था न होने के कारण 04 अतिरिक्त लाईट्स लगाये जाने के निर्देश दिये और गौवंशों के लिये बनाये गये शैड, जो वर्तमान में अत्यधिक तापमान होने के कारण गर्म हो रहे हैं, उन पर ऐसी व्यवस्था की जाये, ताकि गौवंशों का गर्मी से बचाव हो सके।
——————-
मण्डलीय जिला सूचना कार्यालय झांसी द्वारा प्रसारित।