ड्रोन के माध्यम से रखी जाएगी अवैध खनन पर नजर, रात में भी होंगे संचालित
** ब्लैक लिस्टेड वाहनों सीज़ कर स्क्रैप कराने की करें कार्रवाई:- जिलाधिकारी
** जनपद में एस0ओ0पी0 का हुआ गठन, एकरूपता,गुणवत्ता और दक्षता के साथ कार्यवाही करना मुख्य उद्देश्य
** जिला स्तरीय टास्कफोर्स की जूम मीटिंग में जिलाधिकारी ने दिखाए कड़े तेवर
** अवैध खनन/अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग किसी भी दशा में नहीं होगी बर्दाश्त, पकड़े जाने पर हो एसी कार्यवाही की नज़ीर बने:-डी0एम0
** जनपद में अवैध परिवहन पर लगेगा पूर्णत: अंकुश, 07 मुख्य मार्गों की निगरानी पर लगाए उच्च अधिकारी
** बालू पट्टा धारक की यदि अवैध खनन में संलिप्तता मिले तो करें सख्त कार्यवाही, पट्टा निरस्तीकरण की भी हो कार्यवाई
** उप जिलाधिकारी/सीओ को तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों का अनुश्रवण करने के निर्देश
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन तथा ओवरलोडिंग की शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन कि उच्च प्राथमिकता है कि जनपद में अवैध खनन और परिवहन को सख्ती से रोका जाए। अवैध खनन एवं परिवहन को पूर्णतः रोकने हेतु तैनात जनपद/तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति को जनपद में निर्गत समस्त बालू पट्टों का शत-प्रतिशत औचक निरीक्षण किये जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कार्यालय स्थित सभागार से ज़ूम ऐप के माध्यम से अवैध खनन एवं परिवहन की जिला/ तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में अध्यक्षता करते हुए अवैध खनन एवं परिवहन को सख्ती से रोके जाने के लिए जनपद में बालू ,पत्थर और मोरम सहित अन्य पट्टों की जाँच तहसील स्तर पर गठित टास्क फोर्स समिति द्वारा किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य आपस में समन्वय स्थापित करते हुए नियमित सम्बन्धित क्षेत्र के अलग-अलग बालू घाटों अथवा बालू खनन के अन्य सम्बन्धित जगहों का औचक निरीक्षण करें, उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान खनन क्षेत्र में गेट होना चाहिए, खनन क्षेत्र में पिलर लगा होना चाहिए,एमएम 11 की पर्ची, स्कैनर होना चाहिए यदि नहीं देता है तो अवैध खनन हो रहा है, नियमानुसार सख्त से सख्त कार्यवाही करते हुए उसकी फोटोग्राफ सहित लिखित आख्या जिलाधिकारी कार्यालय को निश्चित रूप से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने एसडीएम को टास्क फोर्स समिति द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का अनुरक्षण किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जूम ऐप के माध्यम से आयोजित बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों को बताया कि जनपद में एसओपी का गठन किया गया है, इसका मुख्य उद्देश्य संगठित रूप से किए जा रहे अवैध खनन पर एकरूपता, गुणवत्ता और दक्षता बनाए रखते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने अवैध खनन क्षेत्र की सूची तैयार कर ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने के निर्देश दिए। ड्रोन रात में भी संचालित हों ताकि अवैध खनन पर हर संभव कार्रवाई बिना किसी प्रभाव के की जा सके।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जिला/ तहसील स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि बालू,गट्टी एंव मोरम सहित अन्य परिवहन में वाहन पर नंबर प्लेट न पाए जाने अथवा उसे गंदा होने पर उसे अवैध खनन परिवहन मानते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन में नंबर प्लेट नहीं होने और नियमानुसार एमएम 11 के साथ बालू परिवहन को भी अवैध मानते हुए कार्यवाही करें व वाहन को सीज़ किए जाने की कार्रवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने एआरटीओ को खनन पर फोकस करते हुए निर्देश दिए की अवैध परिवहन से जुड़े ब्लैकलिस्टेड वाहनों को सीज़ कर उन्हें स्क्रैप कराए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने औचक निरीक्षण करने की कार्ययोजना बनाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में अवैध परिवहन पर पूर्णता अंकुश लगाने हेतु मुख्य मार्गों पर एम चैकगेट मानव रहित तकनीक पर आधारित स्थापित किए गए हैं, उन्होंने चेक गेट पर अलार्म को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि ओवरलोडिंग की जानकारी संबंधित थानों को मिल सके ताकि उन्हें पकड़ा जा सके। यह गेट झांसी कानपुर हाईवे पर स्थित पूंछ चेक गेट, गुरसराय से कोटरा रोड पर स्थित चेक गेट,झांसी से कानपुर मुख्य मार्ग में ग्राम-बड़ा गांव (निकटतम सेमरी टोल प्लाज़ा) एवं झांसी से ललितपुर मुख्य मार्ग में ग्राम-खैलार (निकटतम बबीना टोल प्लाजा) पर स्थित है। इसके अतिरिक्त उन्होंने 07 ऐसे मार्ग जहां से अवैध खनन की आवाजाही अधिक है, वहां पर उच्च अधिकारियों द्वारा वाहनों की औचक जांच किए जाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, एडीएम प्रशासन श्री अरुण कुमार गौड़, एसपी आरए डाॅ अरविंद कुमार, एसपी सिटी श्रीमती प्रीति सिंह, वरिष्ठ खनन अधिकारी श्री शैलेंद्र सिंह सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
________________________
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

