• Thu. May 28th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, स्वच्छता प्रबंधन एवं डिजिटल लाइब्रेरी सुदृढ़ीकरण के निर्देश*

ByBKT News24

May 26, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, स्वच्छता प्रबंधन एवं डिजिटल लाइब्रेरी सुदृढ़ीकरण के निर्देश*

*ग्रामीण क्षेत्रों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व डिजिटल लाइब्रेरी को बढ़ावा देने के निर्देश*

*बड़े बाजारों में कूड़ा प्रबंधन एवं ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी को कोचिंग सेंटर के रूप में विकसित करने के निर्देश*

*जिला स्वच्छता समिति बैठक में ओडीएफ प्लस ग्राम पंचायतों, बायोगैस संयंत्रों व ग्रामीण हाट बाजार पर हुई समीक्षा*

*जिलाधिकारी ने पंचायतों में आय सृजन, स्वच्छता प्रबंधन एवं डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के दिए निर्देश*
———————
झाँसी। आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला स्वच्छता समिति श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति एवं पंचायतीराज विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित बड़े बाजारों को चिन्हित करते हुए कूड़ा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से ओ०एस०आर० (Own Source Revenue) सृजित करते हुए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली को मजबूत किया जाए। इसके अतिरिक्त, जनपद में संचालित 04 बायोगैस संयंत्रों से उत्पन्न गैस एवं स्लरी के बेहतर प्रबंधन एवं सुचारु संचालन के निर्देश दिए गए। साथ ही, जहां सम्भव हो वहां छोटी दुकानों के माध्यम से रोजगार सृजन के प्रयास करने पर भी बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र के समीप स्थित ओ०डी०एफ० प्लस ग्राम पंचायतों को नगर निगम में स्थापित आर०आर०सी० (Resource Recovery Centre) से लिंकेज कराया जाए, जिससे अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने स्वयं की आय सृजित करने वाली बड़ी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण हाट बाजार स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई है, उन्हें अभ्योदय योजना के अध्यापकों से समन्वय स्थापित करते हुए एक कोचिंग संस्थान के रूप में भी विकसित किए जाने के निर्देश प्रदान किए। डिजिटल लाइब्रेरी की नियमित देख-रेख एवं संचालन के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें संबंधित ग्राम पंचायत के प्रधान, सचिव, पंचायत सहायक, अध्यापक, वरिष्ठ नागरिक, सेवानिवृत्त आर्मी मैन तथा दो विद्यार्थी सदस्य शामिल होंगे।
बैठक के अंत में डॉ० बाल गोविन्द श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी, झाँसी द्वारा उपस्थित समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी/उपाध्यक्ष जिला स्वच्छता समिति श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, समिति के सदस्य जिला स्तरीय अधिकारी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी, समस्त जिला कंसलटेंट एवं जिला परियोजना प्रबंधक उपस्थित रहे। बैठक का संचालन डॉ० बाल गोविन्द श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी, झाँसी द्वारा किया गया।
—————–
मण्डलीय जिला सूचना कार्यालय झांसी द्वारा प्रसारित।