डीएम, एसएसपी ने किनोवा के चावल की खीर और खाया बाजरे का नमकीन दलिया, परखा स्वाद और गुणवत्ता को
** अधिक संख्या में शिकायत आने पर किया असंतोष व्यक्त, शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता परक करने के दिए निर्देश
** आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण पर शीर्षतम स्तर तक तय होगी जिम्मेदारी:- जिलाधिकारी
** जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की निस्तारित शिकायतों का लिया फीडबैक
** जनशिकायतो के निस्तारण में गुणवत्ता के लिए 05 लेखपालों को किया सम्मानित,दिया प्रशस्ति पत्र
** अभियान चलाकर धारा-67 के वादों करें निस्तारण, दबंग पर हो सख्त कार्यवाही
** जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया तहसील टहरौली में सम्पूर्ण समाधान दिवस में किया प्रतिभाग, शिकायतें सुन निस्तारण के दिए निर्देश
** तहसील स्तर पर भूमि संबंधित विवादों के निपटान के लिए धारा 24 एवं धारा 151 की कार्यवाही के अतिरिक्त धारा 447 में भी कार्यवाही करते हुए शिकायतों का निस्तारण करने के दिए निर्देश
** समस्त विभागीय अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को समय सीमा में निस्तारण कर स्वयं मौके का निरीक्षण करें
तहसील टहरौली सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया और शिकायतों को सुन समय से गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस की गंभीरता का बोध होना जरूरी है, उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं आईजीआरएस शामिल है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण शिथिलता होने पर शीर्षतम स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी और कार्यवाही की जाएगी।
समाधान दिवस के मौके पर उन्होंने जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों को सुझाव दिया कि सर्वप्रथम आफिस में आकर आईजीआरएस पोर्टल को देखें, निस्तारित शिकायत की प्राप्त आख्या का निरीक्षण करें यदि आख्या गुणवत्ता विहीन है तो स्वयं आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा शिकायत निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर निस्तारण किया जाना अनिवार्य है। शिकायतकर्ता का शिकायत निस्तारण से संतुष्ट होंना ही शिकायत का उचित निस्तारण माना जाएगा। मौके पर विभागों की आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारित शिकायतों का फीडबैक लिया गया और निस्तारण से संतुष्ट और असंतुष्ट की जानकारी ली।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में लगातार जनसंवाद का आयोजन हो रहा है, जिसमें गंभीर और लंबित शिकायतों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौके का परीक्षण करते हुए शिकायतकर्ता संबंधित अधिकारी, पुलिस एंव अन्य अधिकारियों के साथ प्रकरण की सुनवाई करते हुए उसका निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने ऐसी शिकायतों के निस्तारण में आख्या सही और गुणवत्तायुक्त लगाए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने तहसील टहरौली में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर कहा कि अधिक शिकायतें प्राप्त होने का सीधा अर्थ यही है कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ नहीं किया जा रहा, उन्होंने निर्देश दिए की शिकायतों का निस्तारण सही और समय से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निजी भूमि, सरकारी भूमि/चकरोड पर अवैध कब्जों मुक्त करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समस्त लेखपालों को निर्देश दिए कि गलत ढंग से भूमि पर कब्जा करने वाले अथवा बार-बार पैमाइश की बात पत्थरगड्डी उखाड़कर पुनः कब्जा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद ना निपटने की स्थिति में धारा 145 पर कार्यवाही करें, उन्होंने धारा 24, पुलिस द्वारा धारा 107/16, सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर धारा 151 की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण को और प्रभावी ढंग से करने के लिए धारा 447 में भी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर श्रीमती पुक्खन पत्नी स्वo रनमत जाति चमार निवासी ग्राम पिपरा थाना तहसील टहरौली ने शिकायती पत्र देते हुए बताया कि प्रार्थिया पुक्खन पत्नी स्वo रनमत जाति चमार निवासी ग्राम पिपरा थाना व तहसील टहरौली जिला झांसी की निवासी है प्रार्थिया के नाम मौजा पिपरा तहसील टहरौली जिला झांसी स्थित खाता संख्या 00120 गाटा संख्या 573 रकवा 0.0410 हे0 संक्रमणीय भूमिधर दर्ज कागजात है। प्रार्थिया की उक्त भूमि पर समाजवादी पार्टी के दवंग भूमाफिया धर्मपाल सिंह उर्फ नकुल एडवोकेट पुत्र दीपचन्द्र यादव निवासी पिपरा थाना टहरौली समाजवादी पार्टी की सरकार के समय से दवंगई के बल पर बाउण्ड्री बनाकर अवैध कब्जा किये हुए है। इस सम्बन्ध में प्रार्थिया द्वारा कई बार शिकायत की परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई। उपरोक्त समाजवादी पार्टी के दवंग भूमाफिया से दवंगई के बल पर किये गये अवैध कब्जा को हटवाये जाने हेतु शिकायती प्रार्थना पत्र दिये गये लेकिन आज तक उपरोक्त दवंग भूमाफिया से प्रार्थिया की भूमि को सुरक्षित नहीं कराया गया। लेखपाल, राजस्व निरीक्षक द्वारा हदबन्दी कराये जाने का बहाना बनाकर टाल देते है प्रार्थिया की आर्थिक स्थिति अत्यन्त दयनीय होने के कारण प्रार्थिया हदबन्दी कराने में असमर्थ है जिस कारण प्रार्थिया को न्याय नहीं मिल पा रहा है प्रार्थिया अपनी भूमि को दवंगों के कब्जा से मुक्त कराये जाने हेतु कई प्रार्थना पत्र दे चुकी है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गयी।
प्रार्थिया द्वारा दिनांक 05.01.2025 व 07.02.2026 को संपूर्ण समाधान दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिये गये जिसमें हल्का लेखपाल द्वारा ग्रामीणों के फर्जी हस्ताक्षर कर के फर्जी रिपोर्ट प्रेषित की गयी और अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि प्रार्थिया के गाटा से लगे हुए अन्य काश्तकारों में आपसी सामजस्य न होने के कारण पैमाइश नहीं की जा सकती और उ०प०रा०सं० की धारा 24 के तहत वाद दायर कर अनुतोष प्राप्त करने की रिपोर्ट दी गयी एवं थाना पुलिस द्वारा प्रार्थिया के विरूद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस की कार्यवाही कर दी गयी। जिस कारण प्रार्थिया अत्यन्त परेशान है। प्रार्थिया की आर्थिक स्थित अत्यन्त दयनीय है ऐसी स्थिति में हदबन्दी कराने में असमर्थ है। उपरोक्त विपक्षी प्रार्थिया के पुत्र को फर्जी मुकदमा में फसाने की धमकी दे रहा है जिस कारण प्रार्थियाा भयभीत है। अतः श्रीमान जी से निवेदन है कि प्रार्थिया के मौजा पिपरा स्थित खाता संख्या 00120 गाटा संख्या 573 रकवा 0.0410 हे0 समाजवादी पार्टी के दवंग भूमाफिया धर्मपाल सिंह उर्फ नकुल एडवोकेट पुत्र दीपचन्द्र यादव निवासी पिपरा थाना टहरौली समाजवादी पार्टी की सरकार के समय से दवंगई के बल पर बाउण्ड्री बनाकर किये गये अवैध कब्जा को हटवाये जाने की कृपा करें श्रीमान जी की महान कृपा होगी।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने गंभीरता से अवलोकन करते हुए उपजिलाधिकारी टहरौली को मौके पर जाकर शिकायत का सत्यापन करते हुए नियमानुसार गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील टहरौली के 05 लेखपाल, जिन्होंने आईजीआरएस सहित विभिन्न स्तर पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयसीमा के साथ निस्तारण किया। सभी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस द्वारा उन्हें सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र भेंट किया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस से पूर्व टहरौली प्रांगण में स्वास्थ्य विभाग,बैंक, आईसीडीएस विभागों द्वारा लगाई गई स्टाल का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की स्टाल पर मिलेट्स से बने व्यंजन की जानकारी ली और मौके पर किनोवा के चावल की बनी खीर तथा बाजरे का नमकीन दलिया खाकर गुणवत्ता और स्वाद की जांच की, इसके अतिरिक्त, उन्होंने पीएमएमवीवाई योजना की जानकारी ली और महिलाओं को अधिक से अधिक आच्छादित करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 शिशिर पुरी, डीएफओ श्री नीरज आर्या, एसडीएम टहरौली श्री गौरव आर्या, क्षेत्राधिकारी पुलिस सुश्री आशमा बकर, तहसीलदार सहित समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

