विश्व पर्यावरण दिवस पर “एक पेड़ माँ के नाम” जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में किया वृक्षारोपण
** विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न अधिकारियों ने भी किया वृक्षारोपण
** कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने सघन वृक्षारोपण के दिए निर्देश
जनपद में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती पल्लवी मिश्रा और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री अरुण कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री योगेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट श्री प्रमोद झा ने पौधरोपण कर किया गया।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट परिसर में सघन एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोपे गए सभी पौधों की सुरक्षा के लिए लोहे के ट्री-गार्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। साथ ही, पौधों के समुचित विकास और संवर्धन के लिए समय-समय पर निराई-गुड़ाई और नियमित सिंचाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि उन्हें पूर्ण वृक्ष के रूप में विकसित करना है ताकि पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को धरातल पर सार्थक बनाया जा सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा दिया। उन्होंने विभिन्न नारों और स्लोगन के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया। उपस्थित लोगों ने “प्लास्टिक की नहीं है कोई शान, मिटा देंगे इसका नामो-निशान” और “वृक्षों की रक्षा और सम्मान, पर्यावरण व हरियाली से बढ़ेगा देश का मान” जैसे संकल्प लिए। इसके जरिए पूरे जिले और प्रदेश को पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और सिंगल-यूज प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार का सशक्त संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री संतोष कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी विमलेश कुमार, सहित कलेक्ट्रेट परिसर के कर्मचारी, अधिकारी और वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
———————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

