कांग्रेस को बड़ा झटका: पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष के परिवार की प्रमुख महिला नेता भाजपा में शामिल
पन्ना। जिले की राजनीति में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब कांग्रेस की वरिष्ठ महिला नेता एवं महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती सुप्रिया बुंदेला ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। श्रीमती बुंदेला पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के परिवार से जुड़ी हुई हैं, जिससे उनके भाजपा में शामिल होने को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
श्रीमती सुप्रिया बुंदेला वर्तमान में कांग्रेस के महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष होने के साथ-साथ अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जिला अध्यक्ष का दायित्व भी निभा रही थीं। लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं श्रीमती बुंदेला ने भाजपा की नीतियों, प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा में शामिल होने के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा महिला वर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों में भाजपा का जनाधार और अधिक विस्तारित होगा। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि श्रीमती बुंदेला के अनुभव एवं सामाजिक सक्रियता का लाभ संगठन को मिलेगा।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद श्रीमती सुप्रिया बुंदेला ने कहा कि देश और प्रदेश में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण की जो नई कार्य संस्कृति स्थापित हुई है, उससे प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, महिला सशक्तिकरण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिले में कांग्रेस की एक सक्रिय महिला पदाधिकारी का भाजपा में शामिल होना आगामी राजनीतिक समीकरणों पर प्रभाव डाल सकता है। वहीं भाजपा नेताओं ने इसे संगठन की विचारधारा और विकास कार्यों पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। श्रीमती सुप्रिया बुंदेला के भाजपा में शामिल होने को जिले की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।
दुर्गेश शिवहरे जिला मीडिया प्रभारी भारतीय जनता पार्टी

