विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की व्यवस्थाओं का नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण, फॉगिंग में तेजी लाने के निर्देश*
——————
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत शासन द्वारा जनपद झांसी के लिए नामित नोडल अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक डॉ. आर.के. सोनी ने विकासखंड बड़ागांव के ग्राम भोजला स्थित प्राथमिक विद्यालय एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सोनी ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा मच्छरों से सुरक्षा के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने, स्वच्छता बनाए रखने एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान सभी बच्चे पूर्ण आस्तीन के कपड़ों में उपस्थित पाए गए। केवल एक छात्र ने पूरी बांह के कपड़े नहीं पहन रखे थे। पूछताछ करने पर छात्र ने बताया कि उसके कपड़े गीले होने के कारण वह उस दिन पूरी बांह के कपड़े नहीं पहन सका।
विद्यालय निरीक्षण के उपरांत संयुक्त निदेशक ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भोजला का भी निरीक्षण किया, जहां स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया गया।
इसके पश्चात डॉ. आर.के. सोनी ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों के साथ जूम बैठक कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा जहां भी कमियां पाई जाएं, उनकी समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्र में फॉगिंग कार्य अपेक्षित स्तर पर न पाए जाने पर उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को माइक्रो प्लान के अनुसार सभी क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी फॉगिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सकें तथा जनपद की स्थिति में प्रभावी सुधार परिलक्षित हो।
—————
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की व्यवस्थाओं का नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण, फॉगिंग में तेजी लाने के निर्देश*

