• Fri. Jul 24th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

प्रदेश की पहचान को नई चमक दे रहा पन्ना, विकास के लिए धन की कमी नहीं आने देंगे: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

ByBKT News24

Jul 24, 2026

प्रदेश की पहचान को नई चमक दे रहा पन्ना, विकास के लिए धन की कमी नहीं आने देंगे: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

184 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, 35 लाख पेंशन हितग्राहियों को सिंगल क्लिक से राशि हस्तांतरित

पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पन्ना के होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जिले को लगभग 184 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया तथा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के लगभग 35 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बुंदेलखंड हीरों, वीरों और महावीरों की धरती है। आल्हा-ऊदल की वीरता, भगवान जुगल किशोर की पावन नगरी और हीरा नगरी पन्ना ने मध्यप्रदेश को विश्वभर में नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि “प्रदेश की छवि को चमकाने में पन्ना का योगदान अद्वितीय है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विरासत और विकास के समन्वय के साथ आगे बढ़ रहा है तथा मध्यप्रदेश सरकार भी इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जिससे विवाह, तलाक और उत्तराधिकार जैसे विषयों में सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू होगा तथा महिलाओं के अधिकार और सामाजिक न्याय को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को बुंदेलखंड के भविष्य का आधार बताते हुए कहा कि इस योजना से क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने किसानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि “अपनी जमीन मत बेचिए, आने वाले समय में बुंदेलखंड की धरती फसल उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ देगी।” उन्होंने बताया कि किसानों को सिंचाई, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा यदि किसी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहित होती है तो किसानों को चार गुना तक मुआवजा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पुलिस विभाग में 10 हजार पदों सहित विभिन्न विभागों में एक लाख से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से भी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोपाल अभियान के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में मध्यप्रदेश देश के कुल दुग्ध उत्पादन में लगभग 12 प्रतिशत योगदान दे रहा है, जिसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसी प्रकार मत्स्य पालन और कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की जा रही है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों का भी ज्ञान मिल सके। उन्होंने घोषणा की कि पन्ना में अगले वर्ष से मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होगा।

मुख्यमंत्री ने भगवान जुगल किशोर मंदिर के विकास के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराने, बृजपुर में कॉलेज खोलने तथा विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भगवान जुगल किशोर की नगरी के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लागू किया गया समान नागरिक संहिता का कानून समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए समान न्याय सुनिश्चित करेगा। उन्होंने पन्ना को मिली विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा, रुंझ और मंझगांव परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के खातों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है तथा मुख्यमंत्री के निर्णय प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाले हैं।

कार्यक्रम में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे सिंह परमार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पन्ना आगमन पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री बृजेन्द्र मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।