छह महीने के अंदर एक लाख युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्रः मा0 मुख्यमंत्री जी
** कृषि विभाग में चयनित जनपद झांसी के 48 प्राविधिक सहायक सहित 3446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) व 126 मंडी सचिवों को दिया नियुक्ति पत्र
** 09 साल में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरीः मा0 सीएम योगी जी
** जापान, जर्मनी, इजराइल समेत अनेक देश दे रहे यूपी के युवाओं को नौकरीः मा0 मुख्यमंत्री जी
मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया से कृषि विभाग के लिए नवचयनित प्राविधिक सहायकों, (ग्रुप-सी) एवं मंडी परिषद में श्रेणी-3 वर्ग-2 के मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि सरकार ने पिछले 09 साल में 09.30 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी ढंग से बिना भेदभाव सरकारी नौकरी दी। उन्होंने कहा कि यूपी में एक लाख नौकरी कभी कल्पना होती थी, लेकिन हम छह महीने के भीतर एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र देने जा रहे हैं। रिजल्ट की प्रक्रिया चल रही है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग में नवचयनित 3446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) व 126 मंडी सचिवों को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। मा0 मुख्यमंत्री जी ने नवचयनितों से कहा कि समय से हुई प्रक्रिया देश के प्रति कर्तव्य है। सरकार ने पारदर्शी नियुक्ति दी है तो आप भी इसका लाभ प्रदेश, भावी पीढ़ी और देश को दें। उन्होंने कहा कि कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन ही भारत मां की जय और नेशन फर्स्ट की थ्योरी है।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पीठ थपथपाते हुए कहा कि हमारे आयोग व बोर्ड पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया में बिना भेदभाव आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार सफलतापूर्वक नियुक्ति पत्र दिला रहे हैं। बिना भेदभाव योग्यतम अभ्यर्थियों के चयन से उनकी ऊर्जा का लाभ पूरे प्रदेश को मिलता है। उन्होंने आयोग व बोर्डों के अधिकारियों से कहाकि आपके कार्यों में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है। यदि हमने स्वतंत्रता दी है तो समय से परिणाम लाइए। अधियाचन जाने के बाद परिणाम आने में छह महीने से अधिक नहीं लगना चाहिए। अधियाचन आने के एक महीने के अंदर विज्ञापन, अगले दो महीने के अंदर परीक्षा कराएं। प्रक्रिया को सहज-सरल बनाएं, जिससे युवा अपनी ऊर्जा का लाभ दे सके। जब हम युवा ऊर्जा को साथ लेकर चलते हैं तो परिणाम आते हैं।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि इन 09.30 लाख युवाओं ने डेमोग्रोफिक डेविडेंड के रूप में यूपी को लाभान्वित किया है। यूपी की अर्थव्यवस्था व प्रतिव्यक्ति आय को तीन गुना करने में योगदान दिया है। नियुक्ति पत्र वितरण करते हुए उन्होंने कहा कि आज युवाओं के चेहरे की खुशी बता रही है कि अब बिना किसी लेनदेन, सिफारिश के उनके सपनों को उड़ान मिल रही है। युवा यूपी को बीमारू राज्य से उबारकर टॉप थ्री राज्य बनाने में सफल हुए हैं। सीएम ने कहा कि कोई सरकार युवाओं की उपेक्षा करके न विकास कर सकती और न ही परिणाम ला सकती।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने नवनियुक्त मंडी सचिवों से कहा कि मंडियों को चमकाइए। वह साफ-सुथरी हो, कचरे का निस्तारण व रंगरोगन हो। किसानों को बुनियादी सुविधाएं, सम्मान मिले, मंडी समिति की सड़कों का समय से चयन व निर्माण हो। शेड अच्छे व प्रभावी हों। किसान की उपज को प्रोक्यूर व एमएसपी देने की उचित व्यवस्था हो। मंडी को ई-नाम से जोड़ने की कार्यवाही को बढ़ाइए। किसानों को ड्रिप एरिगेशन, स्प्रिंकलर प्रणाली, आधुनिक तकनीक, सहफसली, आमदनी बढ़ाने के लिए किसानों को वैल्यू एडिशन से जोड़ें। आपके अच्छे कार्यों से किसानों के मन में श्रद्धा पैदा होगी। इस मौके पर उन्होंने बताया कि यूपी 140 करोड़ देशवासियों का भी पेट भरने की क्षमता रखता है। यूपी में चीनी की कमी नहीं है। यूपी में एक महीने की कुल खपत 04 लाख टन चीनी है और हमारे पास 28 लाख टन चीनी (7 महीने की चीनी) मौजूद है। 15 अक्टूबर से चीनी मिलें प्रारंभ होगी तो 900 लाख कुंतल चीनी का फिर से उत्पादन कर देंगे।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ से मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विकास भवन सभागार में जनप्रतिनिधियों, चयनित प्राविधिक सेवक सहायकों सहित अधिकारियों ने देखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सदस्य विधान परिषद श्री रामतीर्थ सिंघल ने समस्त चयनित 48 प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया। तदोपरांत उन्होंने प्रतिनिधि सदस्य विधान परिषद श्री आर पी निरंजन के साथ समस्त चयनित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक श्री बुद्धदेव द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी श्री कुलदीप मिश्रा, सहायक जिला कृषि अधिकारी श्री आशीष चौरसिया, विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री दीपक कुशवाहा, श्री लल्ला सिंह, श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, श्री अनिल कुमार सहित चयनित प्राविधिक सहायकों के परिजन आदि मौजूद रहे।
————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

