जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में सीडीओ ने दिखाए कड़े तेवर, बीडीओ चिरगांव का अग्रिम आदेशों तक वेतन हुआ बाधित
** जनपद में बृहद गौ संरक्षण केन्द्र सहित गौशालाओं का होगा औचक निरीक्षण, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई:- सीडीओ
** गोशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता का अनुबंध कागजों पर, 03 माह बीत जाने के बाद भी हरा चारा नहीं पहुंचा गोशालाओं में होगी कार्यवाही :- सीडीओ
** मुख्य मार्गों सहित हाईवे पर गोवंश ना आने पाएं, गोशालाओं में किया जाए संरक्षित
** गो आश्रय स्थल से संबंधित समस्त अभिलेख पूर्ण किए जाने के निर्देश, निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में गड़बड़ी पाए जाने पर होगी कार्यवाही
** नोडल अधिकारी अपने क्षेत्र की गौशाला का भ्रमण करें,गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यवाही की जाएगी
** गो आश्रय स्थल पर अस्वस्थ व बीमार गोवंश का उपचार प्राथमिकता से किया जाए:-सीडीओ
आज मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की बैठक में विभाग द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा में कड़े तेवर दिखाए, उन्होंने कहा कि गौवंशो के संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है यह योजना मा0 मुख्यमंत्री जी की सर्वोच्च प्राथामिकताओं में है। अतएव गौशालाओं जो कमियां है उन्हें जल्द से जल्द दूर कर सही तरीके से संचालित कराया जाये और उनमें क्षमता के अनुसार गौवंश संरक्षित किये जायें।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि समस्त वृहद गौ संरक्षण केन्द्र में गोवंश के लिए हरे चारे की उपलब्धता शत प्रतिशत सुनिश्चित कराया जाना अनिवार्य है, उन्होंने गोशालाओं में हरेचारे की उपलब्धता हेतु किए गये अनुबंधों की समीक्षा करते हुए उन्हें कागजों तक ही सीमित रखने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा निरीक्षण के दौरान यदि गो वंश के लिए हरा चारा मौके पर नहीं मिलता है तो कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने जनपद में निर्माणाधीन बृहद गो संरक्षण केंद्रों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए सुकवां विकासखंड बबीना में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड निर्माण प्रखंड द्वारा निर्माणाधीन वृहद गोरक्षण केंद्र की गुणवत्ता पर प्रशिक्षण लगाते हुए कार्य को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम लारौनी विकासखंड, मऊरानीपुर में भी संस्था द्वारा कराए जा रहे कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए हस्तांतरण किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने समीक्षा के दौरान अनुपस्थित बीडीओ चिरगांव का अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही विभिन्न गौ संरक्षण केन्द्र, गोशाला का निरीक्षण किया जाएगा।अतः सभी गौशालाओं में यदि अव्यवस्थाएँ हैं, तो उन्हें व्यवस्थित कर लिया जाए, हरे चारे की उपलब्धता निधार्रित रजिस्टर पर सुनिश्चित करें। उपलब्ध रजिस्टर में प्रत्येक गोवंश का विवरण दर्ज होना चाहिए कहीं किसी गौशाला में कोई कमी पाई जाती है तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, सीवीओ डॉ संजय कुमार सिंह, उपायुक्त श्री शिखर श्रीवास्तव, जीपीआरओ डॉ0 बालगोविंद श्रीवास्तव सहित समस्त वीओ, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
—————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

