RISE के प्रोडक्ट-बेस्ड स्टार्टअप्स को अर्बन हाट में बाजार उपलब्ध कराने की पहल
** स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों को व्यापक बाजार और नए ग्राहकों तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
झाँसी। RISE झाँसी स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर में प्रोडक्ट-बेस्ड स्टार्टअप्स को व्यापक बाजार एवं नए ग्राहकों तक पहुँच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के निर्देश पर किया गया।
बैठक में RISE से जुड़े उद्यमियों को अर्बन हाट में अपने उत्पादों के लिए दुकान/स्टॉल उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस पहल का उद्देश्य RISE में विकसित हो रहे स्थानीय उद्यमियों एवं उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना, उन्हें नए ग्राहकों से जोड़ना तथा उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए नए अवसर प्रदान करना है।
बैठक में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, झाँसी विकास प्राधिकरण (JDA) के उपाध्यक्ष श्री हिमांशु गौतम,मुख्य विकास अधिकारी (CDO) श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड़, एसीओ झाँसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड श्री राहुल यादव PCS तथा RISE इन्क्यूबेशन सेंटर के निदेशक श्री अमित सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अर्बन हाट जैसे सार्वजनिक मंच के माध्यम से स्थानीय स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने, सीधे ग्राहकों से जुड़ने, उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त करने तथा बिक्री बढ़ाने का अवसर मिलेगा। यह पहल स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार विस्तार के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त, अर्बन हाट में ग्रामीण आजीविका मिशन एवं शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। विशेष रूप से जनपद की महिला उद्यमियों के लिए एक समर्पित स्थान की व्यवस्था की जाएगी। अर्बन हाट का उद्घाटन आगामी माह प्रस्तावित है तथा वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस प्रकार, अर्बन हाट हस्तशिल्प, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
बैठक में RISE के विभिन्न प्रोडक्ट-बेस्ड स्टार्टअप्स ने भी सहभागिता की। इनमें HILO Technologies, Rachnatmak Arts, Happy Pot, Occult House, Nirhari Handicrafts, Manupra Foods, Priyanka Richhariya, Neelam Sarangi (Bekar Ko Aakar), Electronics Library, Kat Forever, Sweet & Sour, Tula House, Purvam Organics, Vedanti Organics और Dhanush Digital शामिल रहे।
बैठक के दौरान उद्यमियों ने अपने उत्पादों, व्यवसाय से जुड़ी आवश्यकताओं तथा बाजार विस्तार की संभावनाओं के संबंध में अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। उद्यमियों ने बताया कि अर्बन हाट में स्टॉल उपलब्ध होने से उन्हें अपने उत्पादों को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने और उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।
RISE झाँसी का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं एवं उद्यमियों को केवल इन्क्यूबेशन और मार्गदर्शन तक सीमित न रखते हुए उन्हें बाजार, नेटवर्किंग तथा व्यवसाय विस्तार के अवसर उपलब्ध कराना है। अर्बन हाट के साथ यह पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्थानीय स्टार्टअप्स को आत्मनिर्भर एवं बाजारोन्मुख बनाने में सहायक होगी।
इस अवसर पर सुश्री मनस्वी द्विवेदी उपस्थित रहीं,बैठक के अंत में RISE की इन्क्यूबेशन मैनेजर श्रीमती मोक्षा श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं स्टार्टअप उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
———————————-‐
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

