स्वगणना 16 से 30 नवम्बर 2026 तक, द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक होगी*
*जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न*
—————–
झांसी : आज जिलाधिकारी झांसी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनगणना-2027 के द्वितीय चरण जनसंख्या गणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने अवगत कराया कि जनगणना-2027 का कार्य पूर्णतया मोबाइल ऐप के माध्यम से तथा स्वगणना का कार्य पोर्टल के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा। स्वगणना का कार्य 16 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक तथा जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक की जाएगी। इस जनगणना में बेघर व्यक्तियों की भी गणना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रक्रिया को त्रुटिहीन एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी तकनीकी प्रक्रिया के प्रति सजग रहते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण माह अक्टूबर 2026 में कराया जाएगा। प्रथम चरण की तुलना में द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के कार्य के लिए 850 अतिरिक्त जनगणना कार्मिकों की आवश्यकता होगी।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के लिए तैनात किए गए मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय पर सुनिश्चित कराया जाए, ताकि जनगणना कार्य सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक का संचालन एवं समन्वय अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी झांसी द्वारा किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी झांसी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी झांसी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जनगणना निदेशालय से प्रशिक्षित जनपद के मास्टर ट्रेनर श्री सौरभ श्रीवास्तव, प्रवक्ता कम्प्यूटर, राजकीय पॉलीटेक्निक झांसी, श्री अंकुर त्रिपाठी, प्रवक्ता यांत्रिकी, राजकीय पॉलीटेक्निक झांसी तथा श्री ऋषीमुनी प्रताप सिंह, प्रवक्ता इलेक्ट्रिकल, राजकीय पॉलीटेक्निक झांसी भी उपस्थित रहे।
————–
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।

