झांसी-इलाहाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन -2026 को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए पोलिंग पार्टी रवाना, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी शुभकामनाएं
** बीकेडी कॉलेज से रवाना हुई पोलिंग पार्टी, 25220 स्नातक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
** जिला निर्वाचन अधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल का किया निरीक्षण, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के दिए निर्देश
झांसी। कल दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने बुन्देलखण्ड महाविद्यालय प्रांगण से पोलिंग पार्टियों के रवानगी एवं वापसी स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों को समय से रवाना करने, निर्धारित मतदेय स्थलों पर समय से पहुंचने तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पोलिंग पार्टियां रवाना करने के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वार्ता करते हुए निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियां रवानगी से पूर्व सभी आवश्यक प्रपत्रों का भली-भांति मिलान कर उन्हें मतदान सामग्री के साथ अपने बस्ते में अनिवार्य रूप से रख लें। उन्होंने मतदान पेटिका को सील करने से संबंधित आवश्यक सामग्री सहित अन्य निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के तहत मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी की जा रही है। झाँसी-इलाहाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत कुल 31 मतदान केंद्र, 47 मतदेय स्थल तथा 25,220 मतदाता हैं। सभी मतदेय स्थलों के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान सामग्री प्राप्त कर सभी पोलिंग पार्टियां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रीति सिंह ने कहा कि विधान परिषद के स्नातक निर्वाचन के तहत सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक अधिकारी की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे को व्यवस्थित एवं प्रतिबंधित रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही महिला मतदाताओं की सुविधा के लिए भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्राधिकारियों (सीओ), पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। तैनात पुलिस बल मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।
सभी पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने मतदेय स्थल नेशनल हाफिज सिद्दीकी का निरीक्षण करते हुए पोलिंग पार्टियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी/ प्रभारी अधिकारी कार्मिक श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी,अपर जिलाधिकारी ( प्रशासन) श्री शिव प्रताप शुक्ल, नगर मजिस्ट्रेट श्री योगेश्वर सिंह, प्रभारी एडीओ श्री आर के पाल सहित मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

