• Sat. Nov 21st, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

आइए, जागरूक मतदाता बनें और लोकतंत्र को सशक्त बनाएँ :- जिला निर्वाचन अधिकारी

ByBKT News24

Nov 21, 2026

आइए, जागरूक मतदाता बनें और लोकतंत्र को सशक्त बनाएँ :- जिला निर्वाचन अधिकारी

*भारत निर्वाचन आयोग* के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत जनपद झाँसी में आयोजित हुआ विशेष कैम्प, 22 को भी आयोजित होगा विशेष कैम्प

** मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं का नाम शामिल करने पर दें विशेष जोर

** समस्त बीएलओ के पास 17 नवम्बर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची है, मतदाता अपना सूची में नाम अवश्य देख लें

** प्रत्येक मतदान केंद्र पर नागरिकों की सहायता एवं आवेदन संबंधी जानकारी के लिए हेल्प डेस्क सक्रिय, जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज विशेष अभियान दिवस के अवसर पर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करगुवाॅ तहसील मोंठ स्थित बूथों का किया निरीक्षण करते हुए जनपदवासियों से अनुरोध किया कि वे विशेष अभियान दिवस पर अपने मतदेय स्थल पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा 225-गरौठा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करगुवाॅ,मोंठ स्थित विभिन्न बूथों का निरीक्षण करते हुए उपस्थित बीएलओ से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर पात्र व्यक्ति फार्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं तथा किसी संशोधन के लिए फॉर्म-8 भर कर संशोधन करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान समस्त बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारी से पूर्व में घोषणा पत्र के कारण माह अप्रैल में निरस्त किए गए फॉर्म-6 के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि नवीन मतदाता पंजीकरण हेतु अब घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं है। अतः ऐसे प्रकरणों में संबंधित सुपरवाइजर के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर से रोल बैक (पूर्व स्थिति में बहाल) की कार्यवाही कराते हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराए जाएं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ का निरीक्षण करते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने/आपत्तियों के लिए फार्म-7 तथा विवरण में संशोधन या अन्य आवश्यक परिवर्तन के लिए फार्म-8 बूथ पर उपलब्ध हैं, जिसका प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एक ही परिवार के मतदाताओं के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज होने संबंधी त्रुटियों को अभियान चलाकर चिन्हित किया जाए तथा आवश्यक संशोधन कराते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने जनपद के जागरूक मतदाता, विशेषकर युवा महिलाओं को बताया कि विशेष पुनरीक्षण अवधि में जनपद में कण्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका नंबर-0510 2371100 तथा टोलफ्री नंबर 1950 है इन नंबरों पर जानकारी या किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी मोंठ श्री आशीष कुमार, एडीएम श्री आकाश रंजन,उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करगुवाॅ के प्रधानाचार्य एवं सुपरवाइजर सहित बीएलओ/बीएलए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित