बाबा साहब के संविधान से बने बुंदेलखंड राज्य – कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह
भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर बुंदेलखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौराहा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का नेतृत्व बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने किया।
इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर पूरे देश के नेता हैं। उन्होंने भारत को ऐसा संविधान दिया, जिसने हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब भारत सरकार को बाबा साहब द्वारा प्रदत्त संविधान का उपयोग करते हुए बुंदेलखंड को पृथक राज्य का दर्जा देना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि बुंदेलखंड की उपेक्षा अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पृथक राज्य ही इस क्षेत्र की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक समस्याओं का स्थायी समाधान है।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य नेताओं ने भी डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वह जन-जन के नेता थे और आज पूरा देश उनके विचारों का ऋणी है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद नईम मंसूरी, जिलाध्यक्ष विनोद वर्मा, मोहम्मद आरिफ कमाल, एड. राजेन्द्र यादव (बबीना), राज सिंह शेखावत, अनवार अहमद मंसूरी, बुंदेलखंड छात्र संघ अध्यक्ष राजू वंशकार, जुबेर खान, महेन्द्र चौधरी, जामिन हुसैन, राम प्रसाद धानुक सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।