• Mon. Feb 23rd, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

ग्रीष्मकाल में जनपदवासियों को पेयजल/ विद्युत समस्या से मिलेगी निजात, डीएम ने दिए निर्देश

ByBKT News24

Feb 23, 2026


ग्रीष्मकाल में जनपदवासियों को पेयजल/ विद्युत समस्या से मिलेगी निजात, डीएम ने दिए निर्देश

** टेहरका के 07 एंव ईमलौटा का 01 सी0डब्ल्यू0आर0/ इंटैकवेल में 11केवी का दे विद्युत संयोजन ताकि पेयजल आपूर्ति न हो बाधित:-जिलाधिकारी

** जल निगम ग्रामीण आज ही पेन फुल पॉइंट का करें सर्वे ताकि समय से जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके

** भीषण गर्मी के दृष्टिगत जनपद में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयासों संवेदनशील होकर तेजी लाएं:- जिलाधिकारी

** डीएम ने मुख्य अभियंता को अखबारों में छपी विभागीय शिकायतें/ समस्याओं का समय से निस्तारण करने के दिए निर्देश

** झाँसी ग्रामीण एवं मऊरानीपुर में 33/11के0वी0 के 38 नग वितरण उपकेंद्रों की हुई क्षमता वृद्धि,

जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट चैम्बर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुरूप नियमित एवं निर्बाध रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभागीय अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। ट्रांसफॉर्मर, फीडर और लाइन की नियमित जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण कराया जाए। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए फील्ड स्तर पर टीमों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
जनपद में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने जनपद में गर्मी को बढ़ते देख सर्वप्रथम जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना के प्रत्येक गांव में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पेयजल योजना टेहरका में 07 एवं इमलोटा में 01 सीडब्ल्यूआर/ इंटेकवेल में 11 केवी का विद्युत संयोजन तत्काल दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपनिदेशक, विद्युत सुरक्षा को जल्द से जल्द जांच करते हुए सेफ्टी क्लीयरेंस देने के निर्देश दिए ताकि पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र के सभी सी0डब्ल्यू0आर0 की सूची प्राप्त करते हुए सभी तक विद्युत आपूर्ति शत प्रतिशत सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी में क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति/सप्लाई में किसी तरह की कोई समस्या न हो।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान श्री उमेश प्रसाद एवं अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण श्री मुकेश पाल को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या को किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने सुझाव दिया कि क्षेत्र का सर्वे करते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत की समस्या जहां कहीं भी है, तत्काल उसे विभागीय अधिकारी के सामंजस्य से दुरुस्त करा लिया जाए।
विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद तापमान बढ़ रहा है और अब यह लगातार बढ़ता ही रहेगा। नगर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जो भी प्रयास किए जा रहे हैं, उन पर संवेदनशील होकर कार्य करें। उन्होंने मेडिकल कालेज एवं जेल चौराहा के कार्यों की जानकारी लेते हुए नगर में मुन्नालाल पावर हाउस, सीपरी बाज़ार क्षेत्र के ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी श्री मृदुल चौधरी ने झांसी ग्रामीण एवं मऊरानीपुर में आगामी ग्रीष्म गर्मी में निर्वाध विद्युत आपूर्ति किए जाने की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए ट्रांसफार्मर की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए उन्होंने फीडर वाइफरकेशन एवं एक-एक उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि की जानकारी ली। उन्होने ओवरलोडिंग समाप्त करने के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाने एवं नई विद्युत लाइन के कार्य समेत क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर को समय से ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। 
जनपद में विद्युत आपूर्ति निर्वाध रूप से सुनिश्चित करने के लिए आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न अखवारों में विद्युत समस्या को लेकर प्रकाशित खबर की प्रेस कटिंग मुख्य अभियंता विद्युत को सुपुर्द करते हुए जल्द से जल्द प्राप्त शिकायतें और समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र से शिकायतों के निस्तारण की रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराए जाने के भी निर्देश दिए।
आयोजित बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर विद्युत विभाग की शिकायतों के निस्तारण पर नाखुशी जाहिर करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से लगातार फीडबैक लेने पर विद्युत विभाग की शिकायतों का निस्तारण असंतोषजनक पाया जा रहा है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों सहित कर्मचारियों को आईजीआरएस पोर्टल की शिकायतों के निस्तारण कैसे करें का प्रशिक्षण दिए दिलाए जाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्री वरुण कुमार पाण्डेय, एडीएम नमामि गंगे श्री योगेंद्र कुमार,मुख्य अभियंता श्री के पी खान, अधीक्षण अभियंता नगरीय श्री पुष्कर सिंह, अधिशासी अभियंता नगर प्रथम श्री वी पी सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण द्वितीय श्री सुभाष चंद्र, अधिशासी अभियंता नगरीय द्वितीय श्री रवींद्र कुमार सहित विशेष रूप से आमंत्रित एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————————————

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित