परिवहन विभाग सड़कों का पहरेदार बनकर काम करेगा:-
उप परिवहन आयुक्त
** परिवहन विभाग लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए हर संभव प्रयास करें ताकि हादसों में कमी लाई जा सके
** बकाया टैक्स वसूली में झांसी संभाग और झांसी परिक्षेत्र दोनों ही प्रदेश में प्रथम स्थान पर, दीं शुभकामनाएं
** त्योहारों के दृष्टिगत लंबी दूरी की स्लीपर बसों की विशेष सघन जांच करने के दिए निर्देश
झांसी मंडल के उप परिवहन आयुक्त डी.के. सिंह ने संभागीय परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली का जायजा लिया और पत्रावलियों के रख रखाव हेतु कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया।
संभागीय परिवहन कार्यालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने प्रत्येक पटल पर की जा रही प्रक्रिया की जानकारी ली और साफ सफाई के साथ पत्रावलियों को और बेहतर ढंग से रखे जाने के निर्देश दिए।
उप परिवहन आयुक्त ने बुंदेलखंड क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के प्रति कम जागरूकता पर चिंता व्यक्त करते हुए व्यापक स्तर पर सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या में 50 प्रतिशत की कमी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया है। यह तभी संभव होगा जब जनता, छात्र, शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी से व्यवहार करेंगे।
उप परिवहन आयुक्त श्री डी.के. सिंह ने घोषणा की कि जल्द ही पूरे झांसी परिक्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर लोगों को यातायात नियमों के प्रति शिक्षित करेगा। उन्होंने बताया कि रिफ्लेक्टर टेप न लगे होने के कारण सबसे अधिक हादसे होते हैं। ऐसे वाहनों की जांच कर रिफ्लेक्टर लगवाए जाएंगे और बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवहन विभाग सड़कों का ‘पहरेदार’ बनकर काम करेगा। विभाग लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगा, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके और जनहानि को रोका जा सके।
कार्यालय निरीक्षण के बाद उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र झांसी श्री के.डी सिंह गौर ने राजस्व प्राप्तियों, प्रवर्तन कार्यवाही तथा बकाया टैक्स वसूली की समीक्षा करते हुए प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने वर्ष भर में बकाया टैक्स वसूली के मद में झांसी संभाग और झांसी परिक्षेत्र दोनों ही प्रदेश में प्रथम स्थान पर हैं, पर अधिकारियों को बधाई दी। श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के पूर्व वार्षिक राजस्व लक्ष्य की शत प्रतिशत प्राप्ति के लिए मार्च के महीने में व्यापक और सघन अभियान चलाएं।
समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आगामी त्यौहार के दृष्टिगत सुचारू एवं सुरक्षित परिवहन हेतु, लंबी दूरी की स्लीपर बसों की विशेष और सघन जांच की जाय और यह सुनिश्चित किया जाए कि बसों का संचालन मानक के अनुरूप हो तथा बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न ढोई जाएं।
इस मौके पर संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरविंद त्रिवेदी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन श्री हेमचंद गौतम और यात्री कर अधिकारी श्री सुरेंद्र कुमार अग्रवाल भी मौजूद रहे।
——————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित
