• Fri. Mar 13th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट

ByBKT News24

Mar 13, 2026


नई दिल्ली।सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट

झाँसी लोकसभा के नगरों को मिलेगी जाम से मुक्ति; सांसद अनुराग शर्मा और केंद्रीय मंत्री गडकरी के बीच ‘रिंग रोड’ पर हुआ गहन मंथन

झाँसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री अनुराग शर्मा ने आज संसद भवन में माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी से भेंट कर क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और यातायात सुधार पर विस्तार से चर्चा की। इस उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान सांसद ने झाँसी के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने का आग्रह किया।

सांसद श्री शर्मा ने विशेष रूप से NH-44 और NH-39 को जोड़ने वाले प्रस्तावित इंटरलिंक बाईपास के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की मांग की, ताकि इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। इसके अतिरिक्त, झाँसी-कानपुर मार्ग (NH-27) पर बढ़ते भारी यातायात के दबाव को देखते हुए उन्होंने इसे ‘6-लेन’ में परिवर्तित करने की परियोजना पर बल दिया और इसके लिए जल्द बजट आवंटित करने का अनुरोध किया।

चर्चा के दौरान झाँसी लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न नगरों को जाम की समस्या से मुक्त करने और आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए ‘रिंग रोड’ के निर्माण पर भी गहन मंथन हुआ। माननीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने इन परियोजनाओं के जनहितैषी महत्व को स्वीकार करते हुए आगामी बजट आवंटन में आवश्यक वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का पूर्ण आश्वासन दिया है।

सड़क बुनियादी ढांचे का यह सुदृढ़ीकरण न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। सांसद श्री अनुराग शर्मा ने माननीय मंत्री जी के सकारात्मक और सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।