• Tue. Mar 24th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

तिरंगा यात्रा सैनिक बाइक रैली का भव्य स्वागत, युवाओं में जागी देशभक्ति की भावना

ByBKT News24

Mar 24, 2026

तिरंगा यात्रा सैनिक बाइक रैली का भव्य स्वागत, युवाओं में जागी देशभक्ति की भावना

डॉ. राजेंद्र खरे बोले—राष्ट्र की अखंडता और प्रभुता की रक्षा में सैनिकों का त्याग अतुलनीय

मोंठ (झांसी)। 269 मीडियम रेजिमेंट झांसी द्वारा युवाओं में सेना के प्रति अभिरुचि जागृत करने तथा छात्रों को सेना में भर्ती से संबंधित प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से निकाली गई तिरंगा यात्रा सैनिक बाइक रैली रविवार को झांसी से चलकर स्थानीय टीकाराम यादव पीजी महाविद्यालय, मोंठ पहुँची। महाविद्यालय परिसर में एनसीसी कैडेट्स एवं प्राध्यापकों द्वारा रैली में शामिल सैनिकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजेंद्र खरे ने सैनिकों का अभिनंदन करते हुए भावपूर्ण संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि भारत की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और प्रभुता की रक्षा में भारतीय सैनिकों की भूमिका सर्वोच्च और प्रेरणादायक है। देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक अपने प्राणों की परवाह किए बिना मातृभूमि की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उनका त्याग, समर्पण और सेवा भाव प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है।
डॉ. खरे ने प्रसिद्ध पंक्ति “मुझे तोड़ लेना वनमाली, उस पथ पर तुम देना फेंक, मातृभूमि पर शीश चढ़ाने जिस पथ पर जाएँ वीर अनेक” उद्धृत करते हुए कहा कि भारत की मिट्टी वीरों की जननी रही है और देश के युवाओं को सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के माध्यम से सैकड़ों छात्र-छात्राएँ सेना सहित विभिन्न सेवाओं में रोजगार प्राप्त कर चुके हैं, जो संस्था के लिए गर्व का विषय है।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट राहुल सिंह ने छात्रों को एनसीसी का महत्व बताते हुए सेना में भर्ती की प्रक्रिया, आवश्यक योग्यताओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह बाइक रैली मोंठ से पूंछ, गुरसराय होते हुए मऊरानीपुर का भ्रमण कर तीन दिन बाद झांसी पहुँचेगी तथा बबीना में इसका समापन होगा। साथ ही 29 मार्च को झांसी के हाथी खाना ग्राउंड में एक्स आर्मी सर्विसमैन एवं एनसीसी कैडेट्स की उपस्थिति में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रैली के स्वागत अवसर पर महाविद्यालय परिसर में उपस्थित आर्मी मैन एवं एक्स आर्मी मैन को बैच लगाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए पूर्व सैनिकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस दौरान एनसीसी अधिकारी डॉ. अजय निरंजन, तन्वी सिद्दीकी, डॉ. बृजेंद्र सिंह चौहान, डॉ. पूनम यादव, डॉ. रचना सिंह, हेमंत कुशवाहा, सूर्यभान कुशवाहा, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. रेनू चौहान, अंशुल सरावगी, ऋचा मुखर्जी, हेमलता उस्मान बेग, स्वतंत्र यादव, प्रेमनारायण यादव, भगवान सिंह, अरविंद सलोनिया, राजशरण कुशवाहा, पंकज यादव, अतुल दुबे, पारुल भला, प्रीति यादव, रश्मि यादव, हितेंद्र लोहिया, मुकेश सविता, कमलेश, जगराम, नरेश, राकेश सहित समस्त प्रवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर के साहब सिंह यादव फौजी, कोमल सिंह यादव फौजी, गोविंद सिंह फौजी, मोहन सिंह फौजी सहित कई पूर्व सैनिकों को भी बैच लगाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन तन्वी सिद्दीकी ने किया।
इसी क्रम में कस्बा स्थित पीएनबी बैंक के सामने तिरंगा यात्रा का स्वागत करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष डॉ. घनश्याम दास गंधी, शिवम अग्रवाल, रामेंद्र सोनी, अमन सोनी तथा विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लेफ्टिनेंट राहुल सिंह एवं अन्य सैनिकों का माल्यार्पण कर पुष्प वर्षा के साथ अभिनंदन किया तथा स्वल्पाहार कराकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा और उपस्थित युवाओं में सेना के प्रति उत्साह और राष्ट्रसेवा की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। झांसी मोंठ से वरिष्ठ संवाददाता कोमल सिंह परिहार,