• Sun. Mar 29th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त, सभी व्यवस्थाएं समय से कराएं सुनिश्चित:- सीडीओ

ByBKT News24

Mar 28, 2026

गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों का उत्पीड़न नहीं होगा बर्दाश्त, सभी व्यवस्थाएं समय से कराएं सुनिश्चित:- सीडीओ

** जनपद में समर्थन मूल्य ₹2585.00/कु0 के अंतर्गत गेहूं की खरीद 30 मार्च से, जनपद के 66 गेहूँ क्रय केंद्र हुए तैयार

** गेहूं क्रय केंद्र प्रातः 09:00 बजे से सायं 06:00 बजे तक होंगे संचालित

** गेहूं खरीद में बिचौलियों की संलिप्तता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इसे कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए

** ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल लगाते हुए कृषकों का गेहूं खरीद योजना की जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें

** समर्थन मूल्य का लाभ उठाने के लिए किसान खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in अथवा UP KISAN MITRA पर पंजीकरण अवश्य कराएं

** क्रय केंद्रों पर खरीद ई-पॉप मशीनों के माध्यम से पंजीकृत किसानों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों के बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर की जाएगी

** गेहूं क्रय केंद्र पर किसानों की सुविधा हेतु छांव एवं पेयजल, शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करें

** जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम संचालित नंबर है:- 05104063090

मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने कहा कि दिनांक 30 मार्च 2026 से जनपद में समर्थन मूल्य के अंतर्गत गेहूं खरीद प्रारम्भ हो रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य का लाभ उठाने के लिए क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक किसान अपना पंजीकरण कराना सुनिश्चित कर सकें।
मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने विकास भवन सभागार में आयोजित गेहूं खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹ 2585/- प्रति कुंटल के आधार पर गेहूं की खरीद की जा रही है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को एवं केन्द्र प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि गेहूं खरीद में बिचौलियों की संलिप्तता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बैठक में ताकीद करते हुए कहा कि किसी भी दशा में किसानों को गेहूं क्रय केंद्र से लौटाया न जाए, उनकी फसल शत प्रतिशत क्रय करना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष 30 मार्च घोषित समर्थन मूल्य ₹2585 की दर से क्रय एजेंसिया गेहूं खरीद करेंगी। जनपद में वर्ष 2026-27 कुल 66 क्रय केन्द्र अनुमोदित किए गए हैं। उन्होंने बैठक की अध्यक्षता करते हुए जनपद के सभी मंडी सचिवों को निर्देश दिए कि वह सुनिश्चित कर लें कि जो भी केंद्र मंडी में खोले गए हों वह मंडी के किसी कोने में न हो और मंडी के मुख्य द्वार पर या जहां किसानों की सीधी आवक हो ऐसे स्थान पर केन्द्र स्थापित कराए जाएं। केंद्र पर पहुंचने वाले मार्ग का चिन्हीकरण करायें और पथ प्रदर्शक चिन्ह प्रत्येक दशा में लगवाएं, इसके अतिरिक्त मंडी के गेट पर एक बड़ा बैनर लगवाया जाएं जिसमें गेहूं खरीद संबंधी सभी सूचनाएँ बड़े-बड़े अक्षरों में प्रदर्शित हों ताकि किसानों को केंद्र तक पहुंचने में कोई समस्या न रहे।
मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने समर्थन मूल्य का लाभ उठाने के लिए किसान भाइयों से अपील है कि किसी भी जनसुविधा केन्द्र, साइबर कैफे या स्वयं द्वारा खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करायें। उन्होंने कहा कि पंजीयन में खतौनी खाता संख्या सावधानीपूर्वक दर्ज करें तथा कुल रकबे के साथ-साथ बोये गए गेहूँ के रकबे को भी दर्ज करें। संयुक्त भूमि की दशा में अपनी हिस्सेदारी की सही घोषणा पंजीयन में करना ना भूले।
जनपद में गेहूं क्रय केंद्रों की स्थापना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्रय केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन तथा छलना आदि उपकरण अवश्य रखी जाए। गेहूं के सुरक्षित भंडारण के लिए भी सभी व्यवस्थाएं अभी से ही पूर्ण कर ली जाएं, क्रय किया गया गेहूं वर्षा से प्रभावित ना होने पाए इसके लिए गेहूं क्रय केंद्रों पर शेड का प्रबंध भी किया जाए। बैठक में उन्होंने अवगत कराया कि क्रय केंद्रों पर खरीदी पाॅप मशीन के माध्यम से पंजीकृत किसानों अथवा उनके नामित प्रतिनिधियों के बायोमेट्रिक सत्यापन के आधार पर की जाएगी। उन्होंने क्रय केंद्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराना सुनिश्चित कराया जाए ताकि किसान को उनकी फसल का वाजिब दाम मिल सके। उन्होंने बताया कि किसानों के खातों को आधार से अवश्य लिंक कराया जाए ताकि किसानों को क्रय मूल्य का भुगतान उनके आधार लिंक बैंक खाते में हस्तांतरित किया जा सके।
विकास भवन सभागार में आयोजित गेहूं खरीद 2026-27 संबंधित कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने उपस्थित मंडल प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम को निर्देशित किया कि गत वर्ष के खरीद से अधिक इस वर्ष गेहूं खरीद होने की संभावना के दृष्टिगत पर्याप्त गेहूं भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने समस्त मंडी सचिव को भी निर्देशित किया कि मंडी के चबूतरों पर व्यापारियों द्वारा रखे सामान को तत्काल उन्हें हटाते हुए खाली किया जाए ताकि गेहूं भंडारण किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद ने किसान भाइयों से अपील करते हुए कहा कि अपना आधार संख्या,आधार कार्ड में अंकित अपना नाम आदि सही अंकित करें। बिक्री के समय किसान के स्वयं केन्द्र पर उपस्थित न होने की दशा में पंजीकरण प्रपत्र में परिवार के नामित सदस्य का विवरण एवं आधार नं० फीड कराना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष कृषकों को गेहूँ के मूल्य का भुगतान आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। अतः बैंक खाता आधार सीडेड एवं बैंक द्वारा एनपीसीआई पोर्टल पर मैप और सक्रिय होना आवश्यक है, (अर्थात, उसमें लेन-देन हो रहा हो)
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद के समस्त किसानों से पुन: आवाह्न करते हुए कहा कि समर्थन मूल्य का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक किसान अपना खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन के जो निर्देश जारी हुए हैं उनके अनुसार ही गेहूँ खरीद की जाए। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र पर कहीं कोई समस्या आ रही है तो तत्काल जिला स्तर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम जिसका दूरभाष नंबर:-05104063090 पर फ़ोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यदि केंद्र प्रभारी या अधिकारी द्वारा अनियमितता बरती जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी श्री संतोष कुमार पटेल, एआर कोऑपरेटिव श्री कृष्ण कुमार, जिला प्रबंधक पी सी एफ श्री धनंजय तिवारी, प्रबंधक भारतीय खाद्य निगम श्री अजीत कुमार, जिला प्रभारी पीसीयू श्री दीपक अग्निहोत्री, सचिव झांसी मंडी श्री बबलू लाल, मण्डी सचिव चिरगांव श्री घनश्याम नामदेव, मंडी सचिव मोंठ संजीव कुमार,श्री आशीष बाजपेयी सहित विभिन्न एजेंसियों के पदाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित