• Tue. May 5th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता:- नोडल अधिकारी

ByBKT News24

May 5, 2026

नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता:- नोडल अधिकारी

** 09 एंव 10 मई 2026 को नगर के 06 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी पी0जी0टी0 की लिखित परीक्षा, सभी तैयारियां पूर्ण

** परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी शामिल ना हो, कक्ष निरीक्षक इसे सख्ती से सुनिश्चित करें

** प्रत्येक परीक्षा कक्ष में लगाई जाएगी दीवार घड़ी, परीक्षार्थी हाथ घड़ी पहन कर न आएं

** जनपद के समस्त परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे रहेंगे संचालित, परीक्षा में एंड्राइड फोन/इलेक्ट्रॉनिक गजट पूर्णतः प्रतिबंधित

** परीक्षा के दौरान सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर रहेंगे उपस्थित

** परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था, पेयजल तथा शौचालय की सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये

** जनपद में द0प्र0स0 की धारा- 163 प्रभावी, अधिकारी/मजिस्ट्रेट सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं

अपर जिलाधिकारी/ नोडल अधिकारी परीक्षा श्री शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में उ0प्र0 शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा प्रवक्ता ( पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) 02 दिवसीय लिखित परीक्षा-2022 दिनांक 09 एंव 10 मई 2026 को नगर के 06 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में पूर्वाह्न 09:30 बजे से 11:30 बजे तक द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 04:30 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा से संबंधित तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में परीक्षा के दौरान नकल किसी भी दशा में बर्दास्त नही होगी। उन्होंने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापक प्रधानाचार्य अपने नेतृत्व में समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित कर लें एवं पूर्व में आयोजित परीक्षाओं में यदि कोई कमी रह गई हो तो उसे किसी भी स्थिति में दोहराया न जाए। उन्होंने परीक्षा की गंभीरता को देखते हुए कहा कि परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल नहीं हो, इसे सुनिश्चित करने के लिए कक्ष निरीक्षक एडमिशन कार्ड की शक्ति से जांच करें।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा(PGT) की लिखित परीक्षा हेतु जनपद में 06 परीक्षा केन्द्रों का निर्धारण हुआ है। अपर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों का पुनः सत्यापन करना सुनिश्चित करें,साथ ही यह अवश्य देख लें कि परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा, विद्युत व्यवस्था के अतिरिक्त पेयजल, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन,वाॅच, एंड्राइड फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट परीक्षा केंद्र के अंदर पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। नकल विहीन और स्वच्छता पूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की तलाशी सावधानीपूर्वक ली जाए, उन्होंने विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिका द्वारा ही लिए जाने के निर्देश दिए। समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए।
दिनांक 09 एंव 10 मई 2026 को पी0जी0टी0 की परीक्षा के संबंध में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र के आस-पास धरना प्रदर्शन, जुलूस, जनसभा नहीं होगी। लाउडस्पीकर का प्रयोग बिना अनुमति नहीं किया जाएगा, इसके साथ ही साथ परीक्षा केंद्र के आस-पास फोटो स्टेट मशीन परीक्षा केंद्र बंद रखें जाएंगें इसे कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा के मद्देनजर जनपद झांसी में द0प्र0स0 की धारा-163 प्रभावी रहेगी, सभी अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट का यह दायित्व होगा कि धारा-163 द0प्र0स0 का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। दिनांक 09 एंव 10 मई 2026 को आयोजित होने वाली पी0जी0टी0 परीक्षा के दौरान सभी 06 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 02 सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा पूर्ण शांति और शुचिता के साथ संपन्न हो।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा ने बताया कि नगर में 02 दिवसीय पोस्ट ग्रेजुएट टीचर की लिखित परीक्षा 06 परीक्षा केन्द्रों पर 02 सत्र में सम्पन्न होगी। उन्होने बताया कि उ0 प्र0 शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा प्रवक्ता की लिखित परीक्षा में 09 मई 2026 को प्रथम पाली में 2117 परीक्षार्थी एवं द्वितीय पाली में 1875 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दिनांक 10 मई को 06 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में 2308 परीक्षार्थी एवं द्वितीय पाली में नगर में 1521 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित होंगे।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय झाँसी द्वारा प्रसारित।