औद्योगिक विकास से ही क्षेत्र में आएगी खुशहाली, होगा चहुंमुखी विकास:- जिलाधिकारी
** उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता:- जिलाधिकारी
** उद्योग बंधु की बैठक में प्रकरण के निस्तारण की समय सीमा तय की जिलाधिकारी ने, निस्तारण न होने पर होगी कार्रवाई
** बैंकर्स शासन की लाभकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदन अनावश्यक लंबित ना रखने की दी चेतावनी
** जनपद में सीएम-युवा उद्यमी विकास अभियान योजना एंव मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की ली जानकारी
** ओडीओपी वित्तपोषण योजना में भी लक्ष्य के सापेक्ष किया अधिक धनराशि का वितरण
** ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी @5.0 की तैयारियां की हुई समीक्षा, समस्त विभागों को सहयोग करने के दिए निर्देश
** एमएसएमई इकाईयों द्वारा भू-गर्भ जल के अति दोहन पर प्रवर्तन की कार्रवाई सुनिश्चित करें
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में ज़िला उद्योग बंधु समिति एवं व्यापार बंधु समिति सहित जनपद स्तरीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक ली। उद्योगपतियों एंव व्यापारी द्वारा जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए परिचय प्राप्त किया गया।
कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने उपस्थित समस्त उद्यमियों से कहा कि आपकी समस्याओं का निराकरण ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद में औद्योगिक विकास से ही बुंदेलखंड क्षेत्र का चहुमुखी विकास संभव है।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने के लिए मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता बुन्देलखण्ड के चहुंमुखी विकास पर केन्द्रित है,अनेकों योजनायें केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रही हैं, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के उद्यमियों को प्राप्त हो रहा है। बुन्देलखण्ड में उद्योगों के सृजन में और तेजी आए और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले,इसके लिए केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का समुचित लाभ बुंदेलखंड क्षेत्र के उद्यमियों को मिले, इसे अवश्य सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने बैंकर्स को शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद- एक उत्पाद वित्तीय सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में प्राप्त आवेदनों को अनावश्यक लंबित न रखें। उन्होंने उपस्थित बैंकर्स को प्रेरित करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष में रणनीति बनाते हुए आवेदनों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें ताकि युवा उद्यमियों को रोजगार स्थापित करने में सहयोग मिल सके। उन्होंने स्टैंडअप इंडिया योजना की समीक्षा करते हुए
बताया कि उक्त योजना सीधे बैंकों द्वारा महिला व अनुसूचित जाति के लाभार्थियों संचालित योजना में वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न बैंक शाखाओं द्वारा ऋण वितरण की शून्य प्रगति पर निर्देश दिए की योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करते हुए अधिक से अधिक महिला उद्यमियों को लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए।
उद्योग बंधु समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को सुना, उद्यमी श्री संजय अग्रवाल मे0 शांति मेटल्स एंड केमिकल्स ग्रोथ सेण्टर बिजौली झांसी के भूखंड से निकलने वाली 33 हजार बोल्ट की विद्युत लाइन शिफ्टिंग के संबंध में हेरे कपड़े जानकारी दी। जिलाधिकारी ने
तत्काल संबंधित अधिकारी को आगामी बैठक से पूर्व उक्त प्रकरण को निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रोथ सेंटर बिजौली में अवस्थित आवासीय परिसर में कतिपय मूलभूत समस्याओं के संबंध में डॉ0 कीर्ति बुन्देला द्वारा पूर्व में अवगत कराया गया। अब तक किए गए कार्य प्रगति की जानकारी लेने पर बताया कि जल निगम द्वारा अब तक स्टीमेट नहीं बनाया गया, उन्होंने सीमा निर्धारित करते हुए जल निगम को जल्द से जल्द डीपीआर बनाकर प्रेषित करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक से पूर्व जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में श्री विक्रांत सेठ द्वारा मानिक चौक में स्थित सार्वजनिक शौचालय से मानिक चौक के व्यापारियों में बेहद आक्रोश होने की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि अनेक को बार शिकायत करने पर भी नगर निगम द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जबकि बैठकों में लगातार कार्य किए जाने की पुष्टि अधिकारियों द्वारा की गई, जो अनुचित है। उन्होंने बैठक में विद्युत विभाग द्वारा असुरक्षित केबिन डाले जाने की भी शिकायत की।
बैठक में युवा व्यापारी श्री पीयूष रावत ने ध्यानाकृष्ट करते हुए बताया कि जनपद में अधीमास के कारण देवालयों में महिलाओं की बहुत भीड़ है परंतु उनकी सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं।उन्होंने महिला पुलिस बल मंदिरों में तैनात किए जाने का सुझाव दिया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, जाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल,एसपी नगर श्रीमती प्रीति सिंह , अपर नगर आयुक्त श्रीमती रोली गुप्ता, उपायुक्त उद्योग श्री मनीष चौधरी, एलडीएम श्री योगेश ठाकुर, सीएफओ श्री आर के राय, श्री संजय पटवारी, श्री दिलीप अग्रवाल,श्री संजय गुप्ता,श्री संतोष साहू सहित अन्य उद्यमी/ व्यापारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
———————————-
जिला सूचना कार्यालय झाँसी द्वारा प्रसारित

