• Tue. Jun 9th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं:- मुख्य सचिव*

ByBKT News24

Jun 9, 2026

जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं:- मुख्य सचिव*

*मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद झांसी सहित 07 जनपदों में जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक की*

*जनगणना कार्य की प्रगति की करें दैनिक समीक्षा :- मुख्य सचिव*

*जनगणना कार्य में अपेक्षित सहयोग न करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम के तहत की जाए नियमानुसार कठोर कार्रवाई :- मुख्य सचिव*

उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फर्रुखाबाद, गाजियाबाद, कौशाम्बी, झांसी, लखनऊ, गोंडा एवं गौतमबुद्धनगर जनपदों में संचालित जनगणना कार्य की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों एवं नगर आयुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
मुख्य सचिव ने कहा कि भारत सरकार द्वारा जनगणना कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) का कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। साथ ही जनगणना कार्य की प्रगति की दैनिक समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया जाए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में अपेक्षित सहयोग न करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष प्रयास करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से गणना ब्लॉकों का कार्य पूर्ण होने से संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया को गति मिलेगी तथा आंकड़ों की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से अनुपालन करते हुए जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में निदेशक जनगणना कार्य श्रीमती शीतल वर्मा सहित एनआईसी झांसी कक्ष में नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, श्रीमती पूजा पाल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
——————————————
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित