सामूहिक विवाह कार्यक्रम में झांसी 194 एवं गुरसराय 76 सहित 270 जोड़े बंधे दाम्पत्य सूत्र में*
—————————–
झांसी : समाज कल्याण विभाग झांसी द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, मा0 विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन एवं जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के मुख्य आतिथ्य में सामूहिक विवाह का कार्यक्रम द ग्रीन ग्राण्डयोर, भगवन्तपुरा झांसी में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीमती ललिता यादव द्वारा मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर 177 हिन्दू एवं 17 मुस्लिम इस प्रकार कुल 194 जोड़ों का विवाह / निकाह सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम में मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम ने अपने सम्बोधन में कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकताओं में शुमार सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं निराश्रित महिलाओं के विवाह की समस्याओं का निराकरण किया है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत उन सभी 194 नवयुगल जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी ने इस आयोजन का प्रतिभागी बन दहेज प्रथा जैसी एक बड़ी कुरीति को तोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने सामूहिक विवाह में उपस्थित समस्त जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों का हार्दिक अभिनन्दन करते हुए कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम हमारे लिए एक उत्सव की भांति है और यह उत्सव दो परिवारों को अटूट बंधन में बंधने के साथ ही नये रिश्तों को जन्म देता है, इसी उत्सव को मनाने के लिए हम सभी यहां उपस्थित हुए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब के घर जब बेटी जन्म लेती है तो उनको यह चिंता होती है कि अपनी बेटी का विवाह कैसे करेंगे, उनको यह चिंता होती हैं कि पैसों के आभाव में बेटी के हाथ कैसे पीले करें। मा0 मुख्यमंत्री जी ने ग़रीबी और समस्या को करीब से देखा है, इसलिए उन्होंने ग़रीब की बेटी की शादी की चिंता दूर करने के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बनाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रहने वालों की प्रत्येक बेटी “सरकार की बेटी” है, उस बेटी के विवाह के लिए मा0 मुख्यमंत्री जी ने ऐसी महत्वाकांक्षी योजना से सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में हमारी बिटिया के विवाह का दायित्व निभाया है। आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का पण्डाल इस बात का साक्षी है, कि एक ही मंच पर दूर-दूराज से आये वर-वधुओं को हमारे मा0 जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम में मा0 सदस्य, विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत प्रतिभागी वर-वधुओं को बहुत-बहुत बधाई। आपका जीवन सुखमय, समृद्ध हो एवं आप अपने परिवार को सुचारू रूप से चलाते हुए आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा है कि हमारी माताएं जो निराश्रित और गरीब है उनकी बेटियों की शादी की समस्या को दूर करने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा आज मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जिसके घर में बेटियां है तो उनके विवाह हेतु समाज कल्याण विभाग में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में रजिस्ट्रेशन कराकर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ ले सकते है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में मदद करना है। सरकार की इस योजना के अन्तर्गत, प्रत्येक जोड़े पर रू० 1 लाख उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा व्यय किया जा रहा है, जिसमें से 64 हजार रुपये कन्या के खाते में और 21 हजार रुपये के उपहार दिए जाते हैं, इसके साथ रू0 15 हजार की धनराशि कार्यक्रम आयोजन पर व्यय किया जाता है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने उपस्थित नवयुगल जोड़ों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, उप निदेशक समाज कल्याण इन्द्रा सिंह, परियोजना निदेशक डी०आर०डी०ए०, उपायुक्त (श्रम एवं रोजगार), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह गौड़, समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव, जिला पूर्ति अधिकारी सौम्या अग्रवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी बालगोविंद श्रीवास्तव एवं खण्ड विकास अधिकारी, बबीना, चिरगांव, बंगरा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डा० नीति शास्त्री के द्वारा किया गया।
इसी प्रकार खुशबू पैलेस, गुरसरांय में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत सामूहिक विवाह का कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में श्री जवाहर लाल राजपूत, मा० विधायक गरौठा उपस्थित रहे। इस अवसर पर 70 हिन्दू एवं 6 मुस्लिम इस प्रकार कुल 76 जोड़ों का विवाह / निकाह सम्पन्न कराया गया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख बामौर एवं गुरसरांय, नगर पंचायत अध्यक्ष गरौठा, नगर पालिका अध्यक्ष गुरसरांय, खण्ड विकास अधिकारी गुरसरांय एवं जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, झांसी उपस्थित रहे।
—————————————-
सूचना विभाग, झांसी द्वारा प्रसारित
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में झांसी 194 एवं गुरसराय 76 सहित 270 जोड़े बंधे दाम्पत्य सूत्र में*

