• Sat. Jul 25th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

झांसी के आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई मजबूती: ₹63 करोड़ की दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का हुआ भूमिपूजन*

ByBKT News24

Jul 25, 2026

झांसी के आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई मजबूती: ₹63 करोड़ की दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं का हुआ भूमिपूजन*
—————–
झांसी। झांसी विकास प्राधिकरण (जे.डी.ए.) द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में शनिवार को दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन संपन्न हुआ, इनमें रिसाला चुंगी–ओरछा तिराहा मार्ग तथा ग्राम बूढ़ा–ग्राम बेहटा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं, जिन पर कुल लगभग ₹63 करोड़ की लागत से कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय सांसद झांसी-ललितपुर पं. अनुराग शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय महापौर झांसी नगर निगम श्री बिहारी लाल आर्य ने की।
भूमिपूजन समारोह में मा. विधायक सदर श्री रवि शर्मा, मा. विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्य, मा. जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम, भारतीय जनता पार्टी झांसी महानगर के जिलाध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्री हेमंत परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भूमिपूजन के दौरान अतिथियों ने परियोजनाओं को झांसी के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी पहल बताते हुए कहा कि इन सड़कों के विकसित होने से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी तथा धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
रिसाला चुंगी से ओरछा तिराहा तक लगभग 5.90 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण लगभग ₹26 करोड़ की लागत से कराया जाएगा, जबकि ग्राम बूढ़ा से ग्राम बेहटा तक लगभग 7.50 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण लगभग ₹37 करोड़ की लागत से किया जाएगा। दोनों मार्ग मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग हैं, जिन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों का आवागमन होता है। सड़क चौड़ीकरण के उपरांत यातायात अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी तथा हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
परियोजना के अंतर्गत निर्धारित मानकों के अनुरूप सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, नालियों एवं पुलियों का निर्माण, सड़क सुरक्षा हेतु साइन बोर्ड तथा अन्य आवश्यक सहायक कार्य कराए जाएंगे। निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
झांसी विकास प्राधिकरण ने कहा कि शहर के समग्र, संतुलित एवं नियोजित विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाओं का विकास उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। यह परियोजना भविष्य में झांसी की यातायात व्यवस्था को अधिक सक्षम, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी झांसी श्री गौरांग राठी, झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री हिमांशु गौतम, सचिव, नगर नियोजक, अधिशासी अभियंता तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
—————-
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित