• Sat. Sep 12th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जनपद में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 28 शिक्षकों को वितरित किए हेल्थ कार्ड

ByBKT News24

Jul 26, 2026

जनपद में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 28 शिक्षकों को वितरित किए हेल्थ कार्ड

** अब शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज, झाॅसी में योजना की शुरुआत

** जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में शिक्षकों को वितरित किए हेल्थ कार्ड

** अब सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में शिक्षकों का होगा मुफ्त इलाज

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ अनुबंध कार्यक्रम का आयोजन रविवार को कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आगरा के डॉ0 भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर से किए गए राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया गया कि इस योजना से प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के 1.28 लाख से अधिक शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवार लाभान्वित होंगे।
जनपद में कुल 10365 प्राध्यापकों एवं उनके आश्रितों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इनमें आज 28 शिक्षकों के हेल्थ कार्ड का वितरण किया गया है, जबकि शेष कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है। इस योजना के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के नियमित तथा स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों, राज्य विश्वविद्यालयों के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का मुफ्त एवं कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों को स्टेट हेल्थ कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनके माध्यम से सरकारी और आयुष्मान भारत से संबद्ध निजी अस्पतालों में बिना किसी अग्रिम भुगतान के भर्ती एवं उपचार की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्री पवन गौतम ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 28 शिक्षकों को स्टेट हेल्थ कार्ड वितरित किए। उन्होंने इस मौके पर जनपद के उच्च शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षकों और उनके परिजनों को हृदय से बधाई दी।
आयोजित कार्यक्रम में विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए सुविधा प्राप्त होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुविधा के माध्यम से विश्वविद्यालयों महाविद्यालयों, चाहे वे राजकीय हों, शासकीय सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों अथवा स्ववित्तपोषित प्रबंधन के अन्तर्गत संचालित विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों सभी को इस योजना के अंतर्गत शामिल किया गया।
कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद डॉ0 बाबूलाल तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक की भूमिका पढ़ाने के साथ ही विद्यार्थी को दिशा देने की उसके भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे सही मार्ग पर आगे बढ़ाने की है।परिवर्तन तभी आएगा जब पहले दिन से ही शिक्षक का छात्र के साथ सार्थक संवाद होगा।
आयोजित कार्यक्रम का संचालन डॉ0 अनुभा श्रीवास्तव, प्राचार्य नोडल अधिकारी ने किया। उन्होंने उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों सहित अधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, उच्च शिक्षा अधिकारी श्री सुशील बाबू , महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
————————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित