• Tue. Jul 28th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

2 लाख 71 हजार 559 हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल के नाम सौंपा गया गौ संरक्षण का ज्ञापन

ByBKT News24

Jul 28, 2026

2 लाख 71 हजार 559 हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल के नाम सौंपा गया गौ संरक्षण का ज्ञापन

किशोर दास जी महाराज बोले— गौ सेवा ही राष्ट्र सेवा, प्रत्येक नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी

पन्ना। गौ संरक्षण एवं संवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से संचालित “गो सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत रविवार को पन्ना में ऐतिहासिक जनसमर्थन देखने को मिला। अभियान के तहत 2 लाख 71 हजार 559 नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा गया। ज्ञापन संत समाज के मार्गदर्शन में पूज्य किशोर दास जी महाराज के नेतृत्व में सौंपा गया।

ज्ञापन में गौवंश की सुरक्षा, संवर्धन और गौ आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए शासन से प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, कृषि व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण का अभिन्न आधार हैं। इसलिए गौ संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं बल्कि राष्ट्रहित, प्रकृति संरक्षण और ग्रामीण विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर किशोर दास जी महाराज ने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि प्रत्येक नागरिक गौ सेवा का संकल्प लेकर समाज में जागरूकता फैलाए। उन्होंने कहा कि गौ माता का संरक्षण हमारी संस्कृति, प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ है। यदि गौवंश सुरक्षित रहेगा तो प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

ज्ञापन में प्रदेश में गौ तस्करी पर कठोर कार्रवाई, गौशालाओं के समुचित संचालन के लिए स्थायी व्यवस्था, गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा, घायल एवं निराश्रित गौवंश के उपचार की बेहतर व्यवस्था, चारा एवं जल की उपलब्धता तथा गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कानून बनाने सहित अनेक महत्वपूर्ण मांगें शामिल की गई हैं। साथ ही संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों के अनुरूप गौ संरक्षण को प्राथमिकता देने का आग्रह भी किया गया।

किशोर दास जी महाराज ने कहा कि अभियान को प्रदेशभर में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला है और लाखों नागरिकों ने हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया है कि समाज गौ संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह हस्ताक्षर केवल एक अभियान नहीं बल्कि गौ माता के प्रति करोड़ों लोगों की आस्था और संवेदना का प्रतीक हैं।

कार्यक्रम के अंत में विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित संत समाज, गौ सेवकों एवं नागरिकों ने “गौ सेवा का संकल्प” दिलाते हुए गौ माता की रक्षा, सेवा एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गौ संरक्षण की दिशा में प्रभावी निर्णय लेकर प्रदेश में गौ सेवा को नई दिशा प्रदान करेगा।