डीएम के निर्देश पर जिला स्तरीय समिति ने मारा विभिन्न छापा, विभिन्न भंडारणकर्ताओं के यहाँ अनमितता मिलने पर 04 करोड़ से अधिक की धनराशि होगी जमा
** अवैध खनन परिवहन के विरुद्ध जनपद में 284 मारे गए छापे,शास्ति के रूप में लगभग 01 करोड़ का वसूला खनन राजस्व
** जनपद में अवैध खनन एवं नियम विरुद्ध खनन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा :- जिलाधिकारी
** जिलाधिकारी के निर्देशन पर जांच दल द्वारा अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों पर होगी विधिक कार्रवाई
** सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा सहित उप्र उप खनिज नियमावली 2021 के नियमों के तहत की गई कार्यवाही
** एडीएम ने खनिज,वन,राजस्व एवं प्रदूषण विभाग के साथ की खनन कारोबारियों पर कार्यवाही
खनन माफिया और उनके रहनुमाओं को सीधी चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि भंडारण क्षेत्र में अनियमितता एवं आवंटित क्षेत्र के बाहर खनन कार्य करने एवं नियम विरुद्ध खनन करने व नदी के मुख्यधारा में खनन और खनिजों का कृत्रिम अभाव पैदा कर कालाबाजारी में जुटे माफिया तत्वों के खिलाफ जनपद में कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालू, मौरंग, गिट्टी जैसे खनिज आम आदमी से सीधा जुड़ा है। इनकी कालाबाजारी करते हुए कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी ना हो व खनिजों के कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले कालाबाजारियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाए। जन सामान्य को उचित दर पर खनिज उपलब्ध हो और प्रदेश में खनन के व्यवसाय सुगमता पूर्वक हो सके इसके लिए प्रशासन संकल्पित है उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन के माध्यम से राजस्व संग्रह में वृद्धि होती है, यह प्रयास आगे भी जारी रहना चाहिये। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि खनन कार्य से जुड़े सभी हित धारकों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित हो मूल्य नियंत्रण में रहे नए व्यवसायियों को बाजार में स्थापित एकाधिकार एवं बंधन मुक्त कर समान अवसर उपलब्ध हो सके इस दिशा में सतत प्रयासों के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने क्षेत्र में अवैध खनन एवं नियम विरुद्ध खनन एवं स्वीकृत भंडारण मैं अनुमन्य मात्रा से अधिक भंडारण पाए जाने के साथ ही ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु एडीएम न्याय प्रभारी अधिकारी खनिज एवं पुलिस विभाग के नेतृत्व में एक टीम गठित करते हुए विभिन्न खनन कारोबारियों के यहां छापामार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम के नेतृत्व में जांच दल ने सीधे खनन कारोबारियों के खनन क्षेत्र एवं उनके भंडारण क्षेत्र पर छापामार कार्यवाही करते हुए पट्टा धारकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की।
एडीएम न्याय के नेतृत्व में टीम द्वारा जांच में जनपद-झाँसी की तहसील-गरौठा स्थित ग्राम-देवरी में बालू/मौरम के 05 वर्ष की अवधि के लिये श्री राघवेन्द्र सिंह पुत्र श्री मेघराज सिंह के पक्ष में स्वीकृत खनन पट्टा को अवैध खनन की अधिरोपित धनराशि रू0 1,97,80,000.00 जमा न किये जाने के कारण निरस्त किया गया।
उक्त के अतिरिक्त जनपद में बालू/मौरम के स्वीकृत भण्डारण अनुज्ञप्ति की जनपद स्तरीय जाँच समिति से जॉच कराते हुए तहसील-मोंठ के ग्राम-सुल्तानपुरा में मेसर्स अभिलाष गौर के पक्ष में स्वीकृत भण्डारण अनुज्ञप्ति में जॉच के दौरान अनुमन्य मात्रा से अधिक उपखनिज बालू/मौरम का भण्डारण पाये जाने के कारण रू0 74,60,840.00, तहसील-मोंठ के ग्राम सिया में मेसर्स पी०एस० माइन्स एल०एल०पी० के पक्ष में स्वीकृत अनुज्ञप्ति में जॉच के दौरान अनुमन्य मात्रा से अधिक उपखनिज पाये जाने पर रू0 3,69,45,800.00 तथा तहसील-गरौठा स्थित ग्राम-डुडी में मेसर्स साक्षी इन्टर प्राइजेज के पक्ष में स्वीकृत भण्डारण अनुज्ञप्ति में अनियमितता पाये जाने के कारण रू0 28,51,820.00 की धनराशि सम्बन्धित भण्डारण कर्ताओं पर अधिरोपित करते हुए जमा करने के जिलाधिकारी द्वारा आदेश पारित किये गये हैं।
उपखनिज के अवैध खनन / परिवहन के विरूद्ध प्रवर्तन कार्य के अन्तर्गत माह-अगस्त से दिनांक 15.09.2026 तक कुल में 284 छापे मारें गये तथा शास्ति के रूप में कुल रू0 96,87,570.00 का खनन राजस्व वसूला गया है।
आज अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) / प्रभारी अधिकारी, खनिज की अध्यक्षता में वन विभाग, राजस्व विभाग तथा प्रदूषण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा तहसील-मोंठ के ग्राम-सिया, बरखरी, मोंठ व तहसील-टहरौली के ग्राम-पिपरा में बालू/मौरम के स्वीकृत भण्डारण की जाँच / माप की गयी। भण्डारण क्षेत्र में अनियमितता पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है तथा जिलाधिकारी द्वारा अवैध खनन/परिवहन/भण्डारण पाये जाने पर सख्त कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये है।
टीम द्वारा जांच के दौरान स्वीकृत खनन पट्टा क्षेत्र के बाहर बालू/मौरम का अवैध खनन पाया गया। अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।
छापामार कार्यवाही में अपर जिलाधिकारी न्याय श्री अरुण कुमार गौर, जिला खान अधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह , एसडीओ फारेस्ट श्री संतोष कुमार सहित तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी पुलिस व खनिज प्रवर्तन दल के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
______________________
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित।

