इंजीनियरिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने की जिम्मेदारी है:- प्रो0 अनिल सचान
** समस्याओं से समाधान तक—राष्ट्र निर्माण में अभियंताओं की भूमिका सर्वोपरि:- प्रो0 अनिल सचान
** झाँसी इंजीनियर्स एसोसिएशन ने BIET झाँसी में गरिमामय ढंग से मनाया अभियंता दिवस-2026
** कार्यक्रम में बच्चों ने दिखाई अपनी प्रतिभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
भारत रत्न एवं महान अभियंता सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया जी की जयंती के अवसर पर झाँसी इंजीनियर्स एसोसिएशन (JEA) द्वारा अभियंता दिवस-2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (BIET), झाँसी के बहुउद्देशीय सभागार में किया गया I कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो0 अनिल कुमार सचान रहे I समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, शैक्षणिक संस्थानों तथा प्रोफेशनल इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में अभियंताओं ने सहभागिता की I
मुख्य अतिथि प्रो0 अनिल कुमार सचान ने अपने संबोधन में कहा कि “इंजीनियरिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने की जिम्मेदारी है I” उन्होंने कहा कि किसी समस्या को देखकर रुक जाना अभियंता की पहचान नहीं है; बल्कि उसकी पहचान समस्या का व्यावहारिक, सुरक्षित, किफायती एवं टिकाऊ समाधान खोजने की क्षमता से होती है I अभियंताओं ने अपनी कल्पना, ज्ञान, परिश्रम और नवाचार के माध्यम से उन सुविधाओं को वास्तविकता में बदला है, जिन्हें कभी केवल कल्पना माना जाता था I
उन्होंने युवा अभियंताओं एवं विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे केवल नौकरी प्राप्त करने की सोच तक सीमित न रहें, बल्कि यह विचार करें कि “मैं अपनी इंजीनियरिंग से कौन-सी वास्तविक समस्या हल कर सकता हूँ?” उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, स्वचालन, नवीकरणीय ऊर्जा, विद्युत गतिशीलता, अंतरिक्ष तकनीक एवं डिजिटल तकनीक जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं के लिए उपलब्ध व्यापक अवसरों का उल्लेख किया तथा तकनीकी विकास के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, गुणवत्ता, सुरक्षा, ईमानदारी और पर्यावरणीय स्थिरता को प्राथमिकता देने पर बल दिया I
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर, केमिकल अथवा किसी भी अन्य इंजीनियरिंग शाखा का अंतिम उद्देश्य मानव जीवन को बेहतर बनाना तथा समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना है I प्रत्येक समस्या में नवाचार की संभावना छिपी होती है और कई बार छोटा-सा तकनीकी सुधार भी हजारों लोगों के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है I युवाओं से असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखकर नए प्रयास करने तथा समस्या-समाधानकर्ता, नवप्रवर्तक, शोधकर्ता, उद्यमी एवं नेतृत्वकर्ता बनने का आह्वान किया गया I
आयोजित कार्यक्रम में सर एम0 विश्वेश्वरैया जी के जीवन एवं योगदान को स्मरण करते हुए कहा गया कि उनका जीवन ज्ञान, अनुशासन, दूरदृष्टि और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है I अभियंता दिवस का वास्तविक संदेश यही है कि इंजीनियरिंग केवल तकनीक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की सोच है I
समारोह में संरक्षक प्रो0 जितेंद्र कुमार शर्मा (BIET), इं. राजनाथ गुप्ता (PWD), इं. रामकुमार गुप्ता (PEA), इं. अंबुज द्विवेदी (सिंचाई), इं. रिजवान फैसल सिद्दीकी (BHEL), इं. नीरज खत्री (SRGI) सहित अनेक वरिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे I इं. सतीश कुमार गुप्ता संयोजक, प्रो. अभय कुमार वर्मा सचिव तथा इं. सुशील गुप्ता कोषाध्यक्ष के रूप में समारोह के संचालन एवं व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे I
विभिन्न विभागों एवं संस्थानों से इं. बृजेश कुमार, इं. संजीव सिंह, इं. अवधेश कुमार सिंह, इं. दीपांकर चौधरी, इं. शरद गुप्ता, प्रो. डी. सी. धुबकारया, प्रो. यशपाल सिंह, प्रो. एन. पी. यादव,इं विवेक सोनी, इं मधुर वर्मा , इं जगदीश अग्रवाल, प्रो. डी. के. श्रीवास्तव, डॉ. नरेन्द्र कुमार, इं. विकास भट्ट, इं. जी.पी. सिंह तथा इं. उमानाथ शुक्ला सहित अनेक अभियंताओं ने सहभागिता की I
अभियंता दिवस समारोह में तकनीकी एवं बौद्धिक कार्यक्रमों के साथ विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया I साक्षी सेठ ने “नारी शक्ति” की प्रभावशाली प्रस्तुति दी I शांभवी (BHEL) ने भरतनाट्यम प्रस्तुत किया I अवधेश सिंह (PWD) एवं पंकज सिंह (सिंचाई विभाग) ने गीत प्रस्तुत किए I BIET समूह की राधिका, झलक एवं मनु यादव ने गणेश वंदना प्रस्तुत की I PWD की तेजस्वी, ओजस्वी एवं यशस्वी ने नृत्य, जबकि SRGI की सेजल, हर्षिता, कशिश एवं रिद्धिमा ने समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की I RED की नव्यांशी ने गीत प्रस्तुत किया तथा BIET समूह द्वारा राजस्थानी लोकगीत प्रस्तुत किया गया I समारोह का विशेष आकर्षण JEA के सभी सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक गीत रहा I
कार्यक्रम के अंत में इं. सतीश कुमार गुप्ता एवं प्रो. अभय कुमार वर्मा द्वारा सभी अतिथियों, वरिष्ठ अभियंताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया I उपस्थित अभियंताओं एवं विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी ज्ञान और कौशल का उपयोग गुणवत्ता, सुरक्षा, नवाचार, ईमानदारी एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में करने का संकल्प लिया I
झाँसी इंजीनियर्स एसोसिएशन की ओर से सभी अभियंताओं एवं उनके परिवारों को अभियंता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं I
———————————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

