• Fri. Sep 25th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न*

ByBKT News24

Sep 25, 2026

नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न*

*अवशेष विकास कार्यों को 15 दिन में प्रारंभ कराने के निर्देश*

*नाले-नालियों की सफाई का एक सप्ताह में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश*
——————-
झांसी : अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा की अध्यक्षता में नगर निकायों से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा 15वें वित्त आयोग के टाइड एवं अनटाइड ग्रांट के अंतर्गत शासन से अवमुक्त धनराशि से कराए जा रहे विकास कार्यों तथा शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। नगर पालिका परिषद समथर एवं बरुआसागर में कुछ कार्य अभी तक प्रारंभ न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। निर्देश दिए गए कि जिन विकास कार्यों का अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें प्रत्येक दशा में 15 दिवस के अंदर प्रारंभ कराया जाए।
समीक्षा के दौरान समस्त नगरीय निकायों में टैक्सी स्टैंड/पड़ाव स्थल बनाए जाने के संबंध में निर्देश दिए गए। विशेष रूप से नगर पंचायत रानीपुर एवं कटेरा में पड़ाव स्थल संचालित न होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए पड़ाव स्थल संचालित कराने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने नाले-नालियों की सफाई की समीक्षा करते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निकाय क्षेत्र में नाले-नालियों की समुचित सफाई सुनिश्चित कराते हुए एक सप्ताह के अंदर सफाई कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें।
बैठक में वंदन योजना, पं. दीनदयाल नगर विकास योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत कराए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही एमआरएफ सेंटर के संचालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस की शिकायतों के संबंध में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निर्देशित किया कि संबंधित अधिशासी अधिकारी शिकायतों का स्वयं संज्ञान लेते हुए उनका परीक्षण करें तथा अपनी हस्ताक्षरित आख्या ही पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में लिपिक के माध्यम से आख्या प्रेषित न की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं एवं नगरीय विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं तथा जनसामान्य को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में नगर पालिका परिषद समथर के चेयरमैन, नगर पंचायत टोड़ी फतेहपुर, कटेरा एवं बड़ागांव के अध्यक्षगण तथा प्रभारी अधिशासी अधिकारी/उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
————-
सूचना विभाग झांसी द्वारा प्रसारित।