• Sat. Sep 26th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण

ByBKT News24

Sep 26, 2026

जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण

** निरीक्षण के दौरान ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेख संधारण पर दिए निर्देश

** वेयरहाउस के आसपास झाड़ियों की कटाई करते हुए सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने तहसील सदर मुख्यालय स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आंतरिक निरीक्षण के दौरान ईवीएम की सुरक्षा, अभिलेख संधारण और निगरानी व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। वहीं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरांग राठी ने वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास रजिस्टर, ईवीएम लॉग-बुक और अन्य अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं पारदर्शिता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कक्ष में स्थापित सीसीटीवी मॉनीटरिंग सिस्टम का भी जायजा लिया। उन्होंने 24×7 निगरानी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा चाक-चौबंद रहनी चाहिए और कैमरों की नियमित मॉनीटरिंग की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने तहसील का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए वेयरहाउस के आसपास वर्षा के दृष्टिगत लगी घास-फूस और झाड़ियों की साफ सफाई के साथ ही उन्होंने तहसील परिसर में बनी पार्क को और बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने दोहराया कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान श्री शिव प्रताप शुक्ल अपर जिलाधिकारी (प्रशा०) / उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी नमामी गंगे श्री योगीन्द्र कुमार,श्री आर०के० पाल, प्रधान सहायक जिला निर्वाचन कार्यालय,श्री गिरजा शंकर राय उपाध्यक्ष भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस,श्री अभिषेक जैन जिला उपाध्यक्ष झांसी महानगर भारतीय जनता पार्टी,श्री देवेन्द्र पटेल जिला उपाध्यक्ष अपना दल (एस),श्री बी०डी० फुले जिलाध्यक्ष, बहुजन समाजपार्टी,श्री पुत्तू सिंह कुशवाहा आप पार्टी सहित अन्य जनप्रतिनिधि विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।
————————————-

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा प्रसारित