• Thu. Oct 15th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

जनपद में 17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प होंगे आयोजित

ByBKT News24

Oct 15, 2026

जनपद में 17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष कैम्प होंगे आयोजित

** विशेष कैम्प दिवस पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर बनेंगे हेल्प डेस्क

** व्यापक प्रचार-प्रसार एवं डुगडुगी बजवाकर शत-प्रतिशत बूथों पर कैम्प आयोजित करने के दिए निर्देश

** कैम्प में प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, मतदाता पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे फार्म-6

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा के निर्देश के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरांग राठी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी जनपदों में 17 अक्टूबर (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर (शनिवार), 2026 को विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्प दिवसों पर प्रदेश के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 04 बजे तक उपस्थित रहेंगे। कैम्प में मतदाता पंजीकरण के लिए पर्याप्त संख्या में फार्म-6 उपलब्ध रहेंगे। आवेदन करने वाले पात्र नागरिकों को फॉर्म 6 के साथ नवीनतम फोटो, जन्मतिथि एवं पते से सम्बन्धित दस्तावेज उपलब्ध कराना आवश्यक होगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी, जहां नागरिकों को फार्म-6 भरने एवं मतदाता पंजीकरण संबंधी प्रक्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी। प्राप्त होने वाले सभी फार्मों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाएगा, जिससे आवश्यकता पड़ने पर पर्यवेक्षण एवं निरीक्षण अधिकारियों को अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने ने बताया कि विशेष कैम्पों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों को भी कैम्पों की तिथियों के संबंध में सूचित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी बूथों का पर्यवेक्षण करेंगे। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के पोलिंग स्टेशनों का भ्रमण करेंगे। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी विशेष कैम्प दिवसों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप /सहायक जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान की नियमित समीक्षा एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक बूथ पर कैम्प का आयोजन कराया जाए। साथ ही, अभियान के अंतर्गत प्राप्त होने वाले फार्मों का उचित रखरखाव तथा सभी संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्तर पर शिथिलता न आने पाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर, 2026 को अपने मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। लोकतंत्र में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।
——–‐———–‐—————-
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित