असंतोषजनक फीडबैक से संबंधित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से करें अधिकारी संवाद :-जिलाधिकारी
** आईजीआरएस की परफॉरमेंस में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश
** अवैध कब्जो को मुक्त कर पेमाइश/पत्थर गड्डी के बाद पुनः पत्थर गड्डी उखाड़ कर कब्जा करने वालों पर करें सख्त कार्रवाई
** भूमि संबंधित अधिक संख्या में शिकायत आने पर किया असंतोष व्यक्त, शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता परक करने के दिए निर्देश
** आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण पर शीर्षतम स्तर तक तय होगी जिम्मेदारी:- जिलाधिकारी
** जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया तहसील मऊरानीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस में किया प्रतिभाग, शिकायतें सुन निस्तारण के दिए निर्देश
** समस्त विभागीय अधिकारी सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को समय सीमा में निस्तारण कर स्वयं मौके का निरीक्षण करें
तहसील मऊरानीपुर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया और शिकायतों को सुन समय से गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील मऊरानीपुर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस की गंभीरता का बोध होना जरूरी है, उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं आईजीआरएस शामिल है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण शिथिलता होने पर शीर्षतम स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होगी और कार्यवाही की जाएगी। इस बीच उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिए जाने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि असंतोषजनक फीडबैक से संबंधित शिकायतों के शिकायतकर्ताओं से अधिकारी स्वयं संवाद कर शिकायत के गुणवत्तापरक निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा निस्तारित शिकायत की प्राप्त आख्या का निरीक्षण करें यदि आख्या गुणवत्ता विहीन है तो स्वयं मौके का निरीक्षण करते हुए आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा शिकायत निस्तारण में मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता का शिकायत निस्तारण से संतुष्ट होंना ही शिकायत का उचित निस्तारण माना जाएगा। मौके पर उन्होंने विभिन्न विभागों के आईजीआरएस पोर्टल पर निस्तारित शिकायतों का फीडबैक संतुष्ट और असंतुष्ट की जानकारी ली।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने तहसील मऊरानीपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर भूमि संबंधी अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिक शिकायतें प्राप्त होने का सीधा अर्थ यही है कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ नहीं किया जा रहा, उन्होंने निर्देश दिए की शिकायतों का निस्तारण सही और समय से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निजी भूमि, सरकारी भूमि/चकरोड पर अवैध कब्जों मुक्त करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने एसडीएम/ सीओ सहित (राजस्व एवं पुलिस) सहित समस्त लेखपालों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में अभियान चलाकर गलत ढंग से भूमि पर कब्जा करने वाले अथवा बार-बार पैमाइश की बात पत्थरगड्डी उखाड़कर पुनः कब्जा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद ना निपटने की स्थिति में धारा 145 पर कार्यवाही करें, उन्होंने धारा 24, पुलिस द्वारा धारा 107/16, सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर धारा 151 की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण को और प्रभावी ढंग से करने के लिए धारा 447 में भी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस से पूर्व गरौठा प्रांगण में आईसीडीएस विभागों द्वारा लगाई गई स्टाल का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त मौके पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण किया तथा दवाओं की उपलब्धता के साथ उन्होंने आने वाले मरीजों की जानकारी ली। इस दौरान मिशन शक्ति स्टॉल का भी निरीक्षण किया और महिला पुलिस आरक्षियों से मिशन संबंधित जानकारी प्राप्त की।
मऊरानीपुर तहसील सभागार में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजस्व विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों के कर्मचारियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए प्रोत्साहित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 शिशिर पुरी, एसडीएम मऊरानीपुर श्री मनोज आर्य, डीडीओ श्री राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत ग्रामीण श्री ब्रजभान सिंह, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार सहित समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

