• Sun. Oct 25th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

बुंदेलखंड को मिला दिवाली का तोहफा, नई रेल सेवा शुरू होते ही ट्रेन में दिखा उत्सव का माहौल

ByBKT News24

Oct 24, 2026

बुंदेलखंड को मिला दिवाली का तोहफा, नई रेल सेवा शुरू होते ही ट्रेन में दिखा उत्सव का माहौल

खजुराहो सांसद एवं भाजपा संकुल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक विष्णु दत्त शर्मा ने नागौद से देवेंद्र नगर तक मेमो ट्रेन में किया सफर, यात्रियों से जाना अनुभव

भोपाल/बुंदेलखंड। बुंदेलखंड को दिवाली के अवसर पर रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली है। सतना–देवेंद्र नगर एवं रीवा–चुरहट रेल लाइनों का उद्घाटन किया गया और देवेंद्र नगर–चुरहट ट्रेन सेवा का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

इस अवसर पर भाजपा संकुल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक एवं खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने नागौद से देवेंद्र नगर तक शुरू हुई मेमो ट्रेन में सफर किया। यात्रा के दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर नई रेल सेवा को लेकर उनके अनुभव जाने और इस सौगात पर उनकी प्रतिक्रियाएं सुनीं।

ट्रेन में उत्सव जैसा माहौल, बच्चों के साथ सुर मिलाते नजर आए सांसद

नई रेल सेवा की शुरुआत को लेकर यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन में उत्सव जैसा माहौल रहा। यात्रियों और बच्चों ने स्थानीय लोकगीतों के साथ देशभक्ति गीत गाए। इस दौरान सांसद विष्णु दत्त शर्मा भी बच्चों के साथ सुर में सुर मिलाते नजर आए। ट्रेन में यात्रियों का उत्साह बुंदेलखंड को मिली इस नई सौगात के प्रति लोगों की खुशी को बयां कर रहा था।

‘यह महज ट्रेन नहीं, बुंदेलखंड के लिए दिवाली का गिफ्ट’

सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड को रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। यह महज एक ट्रेन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के लिए दिवाली का गिफ्ट है। यही कारण है कि नई ट्रेन सेवा की शुरुआत पर लोग उत्सव मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नई रेल सेवा बुंदेलखंड के विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार

विष्णु दत्त शर्मा ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार बुंदेलखंड के लोगों की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

बुंदेलखंड को मिली इस नई रेल सुविधा से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों को बेहतर आवागमन की नई उम्मीद मिली है।