• Mon. May 4th, 2026

BKT News24

Hindi news, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi, ताजा ख़बरें, BKT News24

परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:- मुख्य सचिव*

ByBKT News24

May 4, 2026

परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:- मुख्य सचिव*

*मुख्य सचिव ने पीजीटी लिखित परीक्षा को नकलविहीन,निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*

*लिखित परीक्षा 9 मई और 10 मई को प्रदेश के 17 जनपदों में होगी आयोजित*

*हर हाल में नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण हो परीक्षा*

मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा प्रस्तावित पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) लिखित परीक्षा-2022 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और सभी संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने नेतृत्व में समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करें तथा पूर्व में आयोजित परीक्षाओं में यदि कोई कमी रह गई हो तो उसे किसी भी स्थिति में दोहराया न जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक कार्मिकों की समय से तैनाती की जाए, जिसमें नोडल अधिकारी (परीक्षा), नोडल अधिकारी (सुरक्षा), सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट शामिल हैं। साथ ही सभी कार्मिकों का समुचित एवं गहन प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। कोषागार से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूर्ण किया जाए।
मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर अनुभवी केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टाफ की तैनाती, कंट्रोल रूम की स्थापना, सीसीटीवी कैमरों की सुचारू क्रियाशीलता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैगेज प्रबंधन, छात्राओं के लिए पृथक व्यवस्था, साफ-सुथरे शौचालय तथा पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा सामग्री की पैकिंग एवं सीलिंग निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप की जाए तथा जनपद एवं राज्य स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम से निरंतर निगरानी रखी जाए। परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण एवं सैनिटाइजेशन कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय सामग्री छिपी न रह सके। गोपनीय सामग्री को सीसीटीवी युक्त स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखकर उसकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी परीक्षार्थी निर्धारित सीट पर ही बैठें तथा उन्हें समय से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया जाए। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल की समुचित व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा में तैनात किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को परीक्षा कक्ष एवं स्ट्रांग रूम में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने अवगत कराया कि पीजीटी भर्ती परीक्षा-2022 के अंतर्गत लिखित परीक्षा 9 एवं 10 मई 2026 को प्रदेश के 17 जनपदों (आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बांदा, बरेली, बस्ती, गोरखपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर एवं वाराणसी) में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पूर्वाह्न पाली सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा अपराह्न पाली दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक होगी। इस परीक्षा के लिए कुल 319 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इस मौके पर झांसी एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री आयुष सैनी, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, डीआईओएस श्रीमती रति वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
————————————-

जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित