नगर में बीएड प्रवेश परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और शांति पूर्वक हुई संपन्न, AI से हुई निगरानी
** बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 का जिलाधिकारी एवं कुलपति ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल रूम से किया अवलोकन
** जनपद में नकलविहीन,सुचिता और शान्तिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत डीएम ने किया बुंदेलखंड विश्वविद्यालय केंद्र का निरीक्षण
** परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी शामिल ना हो, का निरीक्षण के दौरान लिया गया संज्ञान,कक्ष निरीक्षक को निर्देश कि सख्ती से करें सुनिश्चित
** जनपद के समस्त परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे सहित वॉइस रिकॉर्डर के संचालन को देखा, परीक्षा में एंड्राइड फोन/इलेक्ट्रॉनिक गजट पूर्णतः प्रतिबंधित रहा
** परीक्षा के दौरान सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर रहे मौजूद
** जनपद में द0प्र0स0 की धारा- 163 प्रभावी रही, जिसका अधिकारी /मजिस्ट्रेट ने सख्ती से अनुपालन कराया
** संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में प्रथम पाली में 625 तथा द्वितीय पाली में 625 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
झांसी। जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्रीशिव प्रताप शुक्ल ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बी0एड0 पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा का किया निरीक्षण, नगर के 12 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में पूर्वाहन 09:00 से 12:00 तक तथा द्वितीय पाली अपराहन 02.00बजे से 05.00 बजे तक आयोजित हुई परीक्षा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश b.ed प्रवेश परीक्षा के सकुशल निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडे सहित बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बने इंटीग्रेटेड कमांड एंव कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और जनपद सहित प्रदेश के समस्त परीक्षा केंद्रों में संचालित परीक्षा कक्ष को देखा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परीक्षा भवन में बने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद में नकल किसी भी दशा में बर्दास्त नही होगी। बी0एड0परीक्षा में डुप्लीकेट परीक्षार्थी किसी भी दशा में शामिल नहीं हो, इसे उन्होंने निरीक्षण के दौरान सुनिश्चित किया। इसकी जानकारी उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक से भी ली।
नगर में बी0एड0 पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा 12 परीक्षा केंद्रों पर संपादित हुई। प्रवेश परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट द्वारा परीक्षा केन्द्र में सीसीटीवी कैमरा वॉइस रिकॉर्डर के साथ,विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय,रैम्प आदि की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया गया। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, एंड्राइड फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गजट परीक्षा केंद्र के अंदर पूर्ण प्रतिबंधित रहे। नकल विहीन और स्वच्छता पूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में परीक्षार्थियों की तलाशी सावधानीपूर्वक ली गई, विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिका द्वारा ही लिए जाने के निर्देश दिए गए थे जिसका अनुपालन किया गया। समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्ध रहा, इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण किया गया।
आज बी0एड0 प्रवेश परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के आस-पास धरना प्रदर्शन, जुलूस, जनसभा का आयोजन तथा लाउडस्पीकर का भी कोई प्रयोग नहीं किया गया, केंद्र के आसपास फोटो स्टेट मशीन बंद रखी गईं। परीक्षा के मद्देनजर जनपद झांसी में द0प्र0स0 की धारा-163 प्रभावी रही, सभी अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट द्वारा धारा-163 द0प्र0स0 का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। प्रवेश परीक्षा के दौरान सभी 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 06 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करते हुए परीक्षा पूर्ण शांति और शुचिता के साथ संपन्न करायी गई।
बीएड पाठ्यक्रम शैक्षिक सत्र 2026-28 संयुक्त प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि लिखित प्रवेश परीक्षा नगर में 12 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों संपन्न हुई। प्रथम पाली पूर्वाहन 09:00 से 12:00 तक एवं द्वितीय पाली अपराहन 02:00 से 05:00 तक सकुशल संपन्न हुई। प्रथम पाली में परीक्षा केंद्रों पर 4406 परीक्षार्थी लिखित परीक्षा हेतु पंजीकृत हुए, जिसमें 3781 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, तथा 625 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। इसके साथ ही द्वितीय पाली में भी 4406 परीक्षार्थी लिखित परीक्षा हेतु पंजीकृत हुए, 3781 परीक्षार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे तथा 625 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, प्रोफेसर मुन्नाजी सहित सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट पुलिस विभाग के अधिकारी केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।

