प्रभारी मंत्री जी ने झाँसी का लोगो ” गौरवशाली इतिहास, उज्ज्वल भविष्य” झांसी “वीरता संग विकास की ओर” का किया लोकार्पण
** माननीय मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
** जनपद में समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के दिए जांच के आदेश:-मा0 प्रभारी मंत्री जी
** जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग की अत्याधिक शिकायतों पर मुख्य अभियंता विद्युत को आचरण सुधारते हुए जनहित में कार्य करने के दिए निर्देश
** जनपद में निर्वाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल निगम/नगर निगम के अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें :- मा0 प्रभारी मंत्री जी
** मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों द्वारा तीमारदारों के साथ मारपीट की जांच कमेटी से कराए जाने के
आदेश :- मा0 प्रभारी मंत्री जी
** पर्यटन की सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए आमजन को लाभान्वित करें:- मा0 प्रभारी मंत्री जी
** जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत क्षतिग्रस्त ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता से गड्ढा मुक्त किया जाए:- प्रभारी मंत्री जी
** जिला स्तरीय अधिकारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों से साझा करें:- माननीय प्रभारी मंत्री जी
आज माननीय मंत्री, पर्यटन एवं सांस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री जयवीर सिंह जी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा सहित झाँसी में कोर कमेटी एवं जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की आवश्यक बैठक कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए माननीय मंत्री जी का फोकस जनपद में बिजली और पानी पर रहा,उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों से आपसी सामंजस्य बनाते हुए कार्यकारिणी का सुझाव दिया ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि समस्त अधिकारी अपने विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति के द्वार तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न विभागों के नए कार्य या जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास/ उद्घाटन जन प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनसे कराए जाने के भी निर्देश दिए ताकि किए जा रहे कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जा सके।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री जी ने जनपद में गर्मी को देखते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि विद्युत आपूर्ति नियमित एवं निर्बाध रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों एवं आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत विभाग के कार्यों की एवं उच्च अधिकारियों द्वारा समस्याओं का निराकरण न करने की शिकायत पर मुख्य अभियंता विद्युत को आचरण सुधारे जाने के निर्देश देते हुए समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को बढ़ाने, जहां जरूरत हो वहां विद्युत पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रांसफॉर्मर, फीडर और लाइन की नियमित जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूर्ण कराया जाए ताकि आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
समीक्षा बैठक में मा0 प्रभारी मंत्री जी ने बैठक में नगर की पेयजल व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली, विधायक सदर द्वारा नगर की पेयजल व्यवस्था पर गहरा रोष व्यक्त करने पर माननीय प्रभारी मंत्री जी ने जल संस्थान, जल निगम एवं नगर निगम को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए नगर के सभी घरों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की अमृत-02 परियोजना का माह अगस्त 2026 में लोकार्पण किए जाने की जानकारी अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा दी गई है, यदि लोकार्पण में विलंब होता है तो कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम समूह पेयजल योजनाओं की जानकारी ली, उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना अंतर्गत घरों में लगे प्रत्येक जल संयोजन तक पानी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है वहां बूस्टर लगाते हुए पानी उपलब्ध कराएं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने योजनांतर्गत रोड काटने के बाद उसे अब तक ठीक न करने पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल ऐसी सड़कों का सर्वे करने के निर्देश दिए ताकि सभी सड़कों को ठीक कराया जा सके।
बैठक में मा0 प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह जी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाध्यक्ष भाजपा द्वारा मेडिकल कालेज में डाक्टरों और तीमारदारों के मध्य लगातार हो रही मारपीट की जानकारी दी गई,जिस पर प्रभारी मंत्री जी ने तत्काल ऐसी घटनाओं की कमेटी बनाकर जांच किए जाने के आदेश दिए।उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाए, सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला अस्पताल में प्राइवेट व्यक्ति द्वारा दवा लिखने सहित अन्य अनियमितताओं की जांच मुख्य विकास अधिकारी से कराए जाने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री जी ने कहा की प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा स्पष्ट निर्देश हैं कि अस्पतालों में सारी व्यवस्थाएँ चाक चौबंद रहे ताकि गरीब व्यक्ति को सुविधाजनक इलाज मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए की जनपद की सभी सीएचसी/पीएचसी में तैनात डॉ0 के नाम, उनका मोबाइल नंबर और वह किस बीमारी के विशेषज्ञ हैं, के अतिरिक्त उनके मरीज देखने का समय साइन बोर्ड पर चस्पा किया जाए ताकि लोगों को जानकारी मिल सके। उन्होंने सीएमओ को औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
माननीय प्रभारी मंत्री जी द्वारा समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त कन्याओं को दिए जाने वाले सामान की गुणवत्ता पर भी असंतोष व्यक्त किया। मा0 प्रभारी मंत्री जी ने तत्काल शादी विवाह के आयोजन के जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि शादीशुदा जोड़ों की भी कार्यक्रम में शादी कराई गई भविष्य में शादियों का रजिस्ट्रेशन भी कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
आयोजित बैठक में महानगर अध्यक्ष श्री श्री सुधीर सिंह ने कहा कि झाँसी मेडिकल कॉलेज में जनपद ही नहीं अन्य जनपदों के भी मरीज आते हैं, परंतु मरीजों और तीमारदारों के साथ चिकित्सकों द्वारा लगातार मारपीट की शिकायतें मिल रही हैं इसे रोका जाए। जिला अस्पताल में वार्डों में अँधेरा और प्राइवेट व्यक्ति द्वारा दवाओं लिखे जाने की खबर समाचार पत्रों में लगातार प्रकाशित होती है इस पर कार्यवाही की जाए।
बैठक में विधायक सदर श्री रवि शर्मा ने शहर में पेयजल व्यवस्था चौपट है की शिकायत करते हुए जल निगम, जल संस्थान एवं नगर निगम को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के आपसी समन्वय न होने के कारण आम जनता को पानी नहीं मिल पा रहा है।
बैठक में विधायक बबीना श्री राजीव सिंह पारीछा ने क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था के चरमराए जाने की जानकारी देते हुए बताया कि लगातार अधिकारियों से संपर्क करने पर भी अधिकारी द्वारा कोई समाधान नहीं निकाला जाता है। क्षेत्र के ट्रांसफार्मर खराब होने पर तेल न होने की वजह से ट्रांसफार्मर ठीक न करने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी जाती है।
विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत ने अपने विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने खड़ौरा में इंटर कालेज में शिक्षण कार्य शुरू किए जाने शुरू कराए जाने का सुझाव दिया।
बैठक में विधायक मऊरानीपुर डॉ0 रश्मि आर्या ने मऊरानीपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थाई महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग रखी ताकि क्षेत्र की महिलाओं को प्रसव के दौरान समस्या न हो। उन्होंने अस्पताल में साफ सफाई की व्यवस्था को भी मजबूत किए जाने का सुझाव दिया।
बैठक का संचालन करते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने प्रत्येक विभाग की एक-एक परियोजना के विषय में जानकारी दी। उन्होंने माननीय प्रभारी मंत्री जी को जनपद की नई पहल जनसंपर्क की जानकारी देते हुए बताया कि वीसी के माध्यम से पीड़ित के साथ मौके पर ही संवाद करते हुए उसकी समस्या का निराकरण किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री जी ने उनकी इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अन्य अधिकारियों को भी जनसंवाद के माध्यम से शिकायतों के निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व माननी प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह माननीय मंत्री, पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग, उत्तर प्रदेश ने सर्किट हाउस में कोर कमेटी की बैठक ली।बैठक में समस्त जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद के विकास और योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। तदोपरांत कलेक्ट्रेट प्रांगण में लगी विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया।स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों को देख उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
समीक्षा बैठक में मेयर श्री बिहारी लाल आर्य,महानगर अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह, विधायक सदर श्री रवि शर्मा, विधायक बबीना श्री राजीव सिंह परीछा, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत,सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद श्रीरामतीर्थ सिंघल,सदस्य विधान परिषद डॉ0 बाबूलाल तिवारी, अध्यक्ष गौ सेवा संस्थान श्री श्याम बिहारी गुप्ता, जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी , वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड डीएफओ श्री नीरज कुमार आर्य, सीएमओ डाॅ0 शिशिर पुरी,अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार, अपर जिला अधिकारी न्याय श्री अरुण कुमार गौड़,आधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री रजनीश गुप्ता, सहायक निदेशक सूचना श्री सुरजीत सिंह, डीएसटीओ डॉ0 अर्चना सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————————————
सूचना कार्यालय, झांसी द्वारा प्रसारित।

