आयुष्मान योजना में पंजीकृत प्राइवेट हॉस्पिटल जन औषधि केंद्र की दवाएं मरीजों को लिखें :- मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा
** समूह की महिलाओं को “एक जनपद-एक व्यंजन”के हस्तनिर्मित उत्पादों की बिक्री हेतु जनपद में आयोजित विभिन्न मेलों में दुकानें उपलब्ध कराएं
** वीबी-जी राम जी का ग्रामीण क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार कर, जनप्रतिनिधियों को गाइड लाइन उपलब्ध कराएं :- मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा
** पीएम एंव सीएम आवास ग्रामीण/शहरी के लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करायें:- मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा
** बैंकों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को दें शासन की लाभकारी योजनाओं की जानकारी, जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल
** सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करें अधिकारी, योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देना सुनिश्चित करें
** अधिकारी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दें ताकि क्षेत्र भ्रमण के दौरान योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा सके
मा0 श्री अनुराग शर्मा सांसद झाँसी-ललितपुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई।
मा0 सांसद झाँसी-ललितपुर ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का संकल्प सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास पर आधारित विकास का है, सरकार की मंशा है कि गरीब का कल्याण हो, योजना का लाभ सीधे उसके द्वार पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आप अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा योजनांतर्गत प्राप्त लक्ष्य एवं किए जा रहे कार्य जनप्रतिनिधियों से अवश्य साझा करें ताकि कार्यों का सत्यापन किया जा सके और योजनाओं में आ रही समस्याओं को शासन स्तर पर दूर किया जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि जन प्रतिनिधियों से लगातार संवाद बनाएं रखें ताकि योजनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।
बैठक में मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा जी ने उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि विभागीय योजनाओं का क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी विभिन्न विभागीय योजना अंतर्गत अपना पंजीकरण करा सके। उन्होंने कहा कि संचालित योजनाओं व लक्ष्य की जानकारी जनप्रतिनिधियों को अवश्य उपलब्ध कराएं ताकि शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य की पूर्ति प्रत्येक पात्र व्यक्ति का चयन करते हुए की जा सके और लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति के चयन की जानकारी समस्त जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाए ताकि भ्रमण के दौरान पात्र व्यक्ति का सत्यापन भी किया जा सके।
मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा झाँसी-ललितपुर की अध्यक्षता में आयोजित दिशा बैठक में 74 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में सर्व प्रथम वीबी-जी राम जी (VB-G RAM G – विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन-2025 एक नई ग्रामीण रोजगार योजना है, जिसने मनरेगा (MGNREGA) की जगह ली। यह 01 जुलाई, 2026 से लागू की जा रही है। इससे जनपद के श्रमिकों को 125 दिनों की गारंटीकृत रोजगार, बेहतर मजदूरी, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। यह एक नया कानून बन गया है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के अतिरिक्त उन्होंने जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों को गाइडलाइन भी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए ताकि योजना का अधिक से अधिक लाभ ग्रामीण को मिल सके। जनपद में अब तक 4290 लोगों को 100 दिन का रोज़गार दिया गया है।
आयोजित जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक में सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने उ0प्र0 राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए “एक जनपद-एक व्यंजन” को प्रमोट करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह को जनपद में आयोजित विभिन्न मेलों में दुकानें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि समूह की महिलाओं को रोजगार मिल सके। उन्होने ग्राम पंचायत घुघुवा में निर्मित दुकानों को महिला स्वयं सहायता समूह को उपलब्ध कराए ताकि उनकी आजीविका में सुधार हो सके।
आयोजित बैठक में मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी/ग्रामीण की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास के लाभार्थियों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा की जाए ताकि आपात्र की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की जानकारी लेते हुए 20683 लंबित आवेदनों को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द से जल्द जांच किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में उपाध्यक्ष झांसी विकास प्राधिकरण ने बताया कि योजना अंतर्गत करारी में 556 आवास बनकर तैयार है जिनमें विद्युत कनेक्शन लेना है, रेलवे की अनुमति प्राप्त होते ही विद्युत कनेक्शन हो जाएगा।
दिशा बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान मा0 सांसद झांसी-ललितपुर, श्री अनुराग शर्मा ने मऊरानीपुर तहसील में ट्रामा सेंटर की स्थापना हेतु मांग करते हुए भूमि चिन्हित करने का सुझाव पर शासन को अवगत कराया गया है,शासन स्तर से निर्देश प्राप्त होते ही इस संबंध में कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। बैठक में सांसद श्री अनुराग शर्मा ने आयुष्मान योजना अंतर्गत अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड से होने वाले सभी इलाज की जानकारी दी जाए ताकि तीमारदार को कोई समस्या न हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राइवेट अस्पतालों को जन औषधि केंद्र की दवाएं बीमार को लिखे जाने के निर्देश दिए ताकि गरीब मरीज को दवाओं में किसी तरह की आर्थिक समस्या न हो।
दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मा0 सांसद झांसी-ललितपुर ने जल जीवन मिशन परियोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जनपद में 10 के सापेक्ष 07 परियोजनाएं पूर्ण हो गई है शेष 03 योजनाओं के कार्य में गति लाते हुए इन परियोजनाओं को दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि हर घर नल पेयजल योजना के संचालन में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होने बघेरा में अभी तक पानी नहीं आया, अधिशासी अभियंता जल निगम द्वारा बताया गया कि एकल परियोजना अंतर्गत रेट्रोफिटिंग की डीपीआर तैयार कर ली गई है। मा0 सांसद जी ने तत्काल जनप्रतिनिधियों को डीपीआर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मा0 सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा ने एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन 02 आरओबी के निर्माण की जानकारी ली, सेतु निगम द्वारा बताया गया कि उक्त दोनों आरओबी का कार्य माह अगस्त तक पूर्ण कर लिया जाएगा।इसके साथ ही उन्होंने अवैध कट बंद करते हुए सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतेजामात करने के निर्देश दिए।
दिशा बैठक की अध्यक्षता करते हुए माननीय सांसद श्री अनुराग शर्मा ने निर्देश दिए कि बैंकों में कार्यक्रम आयोजित कर शासन की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए, कार्यक्रम में किसानों को विशेष रूप से आमंत्रित करते हैं। जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जा सके। उन्होंने बैठक में जनपद के लगभग 54000 किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है पर चिंता व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री बनवाए जाने के निर्देश दिए ताकि शासन की लाभकारी योजनाओं से वह वंचित न रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में हुई गड़बड़ी करने वाले सीएससी पर अब तक क्या कार्यवाही की गई, क्या संबंधित सीएससी का लाइसेंस निरस्त हुआ तथा जेल भेजे जाने की कार्रवाई की गई, कि जानकारी मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा ने ली। संबंधित कृषि अधिकारी ने बताया कि अब तक 10 दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।शेष पर कार्यवाही प्रचलित है।
दिशा बैठक में सांसद श्री अनुराग शर्मा ने विद्युत पूर्ति को सुव्यवस्थित करने के लिए जनपद में 33/11 केवी पर उप केन्द्र मुन्ना लाल पावर हाउस एवं उपकेंद्र हंसारी के कार्यों की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि सभी कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इसके अतिरिक्त अमरोख में 33 केवी का ट्रांसमिशन 15 जुलाई तक पूर्ण हो जाएगा, जिससे क्षेत्र की समस्या दूर हो जाएगी।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक में जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने मा0 सांसद झांसी-ललितपुर श्री अनुराग शर्मा सहित समस्त जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक में जो भी दिशा निर्देश अथवा सुझाव दिए गए हैं, उन सभी का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
दिशा बैठक में जनपद के मा. जनप्रतिनिधियों, ब्लाक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दूरसंचार, रेलवे, राजमार्ग संबंधित अवसंरचना, एमएसएमई एवं डिफेंस कॉरिडोर आदि बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
दिशा बैठक का संचालन एवं बैठक में आए मा0 सांसद झाँसी-ललितपुर सहित समस्त जनप्रतिनिधिगणों, अधिकारियों का आभार मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने किया।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार गौतम, विधायक गरौठा श्री जवाहर लाल राजपूत, विधायक मऊरानीपुर डॉ0 रश्मि आर्य,सदस्य विधान परिषद श्रीमती रमा निरंजन , एमएलसी श्री रामतीर्थ सिंघल, एमएलसी डॉ0 बाबू लाल तिवारी, नगर आयुक्त सुश्री आकांक्षा राणा, उपाध्यक्ष जेडीए श्री हिमांशु गौतम, एसपी ग्रामीण डॉक्टर अरविंद कुमार, जेडीसी श्री सुरेश चंद्र केसरवानी, सीएमओ डा0 शिशिर पुरी, डीएफओ श्री विकास यादव, एडीएम प्रशासन श्री शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम वित्त एवं राजस्व श्रीमती पल्लवी मिश्रा, एडीएम नमामि गंगे श्री योगेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक सूचना श्री सुरजीत सिंह पीडी डीआरडीए श्री राजेश कुमार सहित विद्युत विभाग, जल निगम, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन सहित अन्य विभागों के अधिकारीयों सहित अन्य जनप्रतिनिधी उपस्थित रहे।
————————————–
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित

