जनपद में अवैध खनन/अवैध भंडारण पर औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप
** औचक निरीक्षण में 03/ मौरम खनन पट्टों क्षेत्रों में पाया अवैध खनन,रू0 1,63,85,024.00 की धनराशि पट्टाधारकों पर हुई आरोपित
** अवैध खनन / अवैध परिवहन पर 36 वाहनों / मशीनों पर शास्ति अधिरोपित की रू016,24,670.00 की धनराशि
** मॉनसून सत्र प्रारंभ होने के कारण 30 जुलाई की रात्रि में बालू/ मौरम पट्टों मैं खनन कार्य बंद, परिवहन मार्ग को जेसीबी मशीन से खुदवा दिया गया
** जिलाधिकारी के निर्देशन पर जांच दल द्वारा अवैध खनन में संलिप्त पट्टाधारकों पर होगी विधिक कार्रवाई
** सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा सहित उप्र उप खनिज नियमावली 2021 के नियमों के तहत की गई कार्यवाही
** एसडीएम गरौठा एवं ज्येष्ठ खान अधिकारी ने की खनन कारोबारियों पर कार्यवाही
खनन माफिया और उनके रहनुमाओं को सीधी चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने कहा कि आवंटित क्षेत्र के बाहर खनन कार्य करने एवं नियम विरुद्ध खनन एवं परिवहन सहित भंडारण करने में जुटे माफिया तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि बालू, मौरंग, गिट्टी जैसे खनिज आम आदमी से सीधा जुड़ा है। इनकी कालाबाजारी करते हुए कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी ना हो व खनिजों के कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले कालाबाजारियों के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जाए। जन सामान्य को उचित दर पर खनिज उपलब्ध हो और प्रदेश में खनन के व्यवसाय सुगमता पूर्वक हो सके इसके लिए प्रशासन संकल्पित है उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन के माध्यम से राजस्व संग्रह में वृद्धि होती है, यह प्रयास आगे भी जारी रहना चाहिये। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि खनन कार्य से जुड़े सभी हित धारकों के लिए पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित हो मूल्य नियंत्रण में रहे नए व्यवसायियों को बाजार में स्थापित एकाधिकार एवं बंधन मुक्त कर समान अवसर उपलब्ध हो सके इस दिशा में सतत प्रयासों के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने क्षेत्र में अवैध खनन एवं नियम विरुद्ध खनन के साथ ही ओवरलोडिंग एवं भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु एसडीएम गरौठा,खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग के नेतृत्व में एक टीम गठित करते हुए विभिन्न खनन कारोबारियों के यहां छापामार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम गरौठा के नेतृत्व में जांच दल ने सीधे खनन कारोबारियों के खनन क्षेत्र पर छापामार कार्यवाही करते हुए पट्टा धारकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की।
आज जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी के निर्देश पर उपखनिज के अवैध खनन/परिवहन / भण्डारण पर प्रभावी कार्यवाही हेतु गठित टास्क फोर्स द्वारा बालू/मौरम खनन पट्टा क्षेत्रों का किये गये औचक निरीक्षण में 03 बालू/मौरम खनन पट्टों क्षेत्रों में पाये गये अवैध खनन के सम्बन्ध में रू0 1,63,85,024.00 की धनराशि सम्बन्धित पट्टाधारकों पर अधिरोपित की गयी तथा उपखनिज ईमारती पत्थर के खनन पट्टा की जाँच में 05 खनन पट्टा क्षेत्रों में निर्धारित निर्देशांक पर सीमास्तम्भ न पाये जाने के कारण उ०प्र० उपखनिज (परिहार) नियमावली-2021 के नियम-60 (3) के तहत प्रत्येक पट्टाधारक पर रू0 25,000.00 की शास्ति अधिरोपित किये जाने तथा 01 खनन पट्टा क्षेत्र में इमारती पत्थर का अवैध खनन पाये जाने पर सम्बन्धित पट्टाधारक के विरूद्ध नोटिस जारी नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
कार्यवाही में उपखनिज के अवैध खनन / परिवहन के प्रकरणों में कुल 36 वाहनों / मशीनों पर कुल रू० 16,24,670.00 की शास्ति अधिरोपित की गयी है। मानसून सत्र (जुलाई, अगस्त, सितम्बर) प्रारम्भ होने के कारण दिनांकः 30.06.2026 की रात्रि में बालू/मौरम के सभी स्वीकृत खनन पट्टों में खनन कार्य बन्द करा दिया गया है तथा पट्टाधारकों द्वारा उपखनिज बालू/मौरम के परिवहन हेतु बनाये गये मार्ग व सम्भावित अवैध खनन / परिवहन वाले मार्गो को जे०सी०बी० मशीन द्वारा खुदवा दिया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा सभी बालू/मौरम के खनन पट्टाधारकों को खनन पट्टा क्षेत्र से उपखनिज बालू/मौरम का खनन परिवहन करने वाले मार्ग को कटवा कर उसका विडियों उपलब्ध कराने तथा पट्टा क्षेत्र में स्थापित साईन बोर्ड पर मानसून सत्र के दौरान खनन कार्य बन्द रहने की सूचना चस्पा कराने तथा जनपद / तहसील स्तर पर गठित टास्क फोर्स को अवैध खनन / परिवहन/भण्डारण पर निरंतर सतत् निगरानी बनाये रखने एवं अनियमितता पाये जाने पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है।
छापामार कार्यवाही में उप जिलाधिकारी गरौठा, ज्येष्ठ खान अधिकारी, तहसीलदार सहित क्षेत्राधिकारी पुलिस व खनिज प्रवर्तन दल के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
__________________________
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित।

